- Advertisement

CM बनने के बाद नहीं खरीदी कोई संपत्ति- ADR रिपोर्ट पर बोले सुक्खू- अधूरी जानकारी पेश कर रचा जा रहा षड्यंत्र
Himachal Politics: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट को लेकर बीजेपी द्वारा लगातार साधे जा रहे निशानों पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तीखा पलटवार किया है। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एडीआर (ADR) रिपोर्ट का सहारा लेकर विपक्षी दल उन्हें बेवजह बदनाम करने की साजिश रच रहा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि उन्होंने मेहनत और ईमानदारी से कमाई की है और यदि भाजपा चाहे तो अपनी केंद्रीय एजेंसियों से जांच करा सकती है।
“सीएम बनने के बाद नहीं खरीदी कोई नई संपत्ति”
सीएम सुक्खू ने अपनी संपत्तियों का पूरा ब्योरा देते हुए स्पष्ट किया कि सीएम का पद संभालने के बाद उन्होंने कोई भी नई चल या अचल संपत्ति नहीं खरीदी है। उन्होंने कहा कि उनकी सभी संपत्तियों का विवरण चुनाव आयोग को दिए गए चुनावी हलफनामे (Affidavit) में पहले से ही दर्ज है और यह पूरी जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। जिस संपत्ति का जिक्र रिपोर्ट में किया जा रहा है, उसके बारे में सीएम ने बताया कि वह जमीन उन्होंने बहुत पहले (करीब 12 लाख रुपये में) खरीदी थी। समय के साथ-साथ बाजार मूल्य के अनुसार उसकी कीमत बढ़ी है और उसी जमीन पर उन्होंने अपना मकान बनाया है। संपत्ति का मूल्य समय के साथ बढ़ना एक सामान्य बात है।
ADR रिपोर्ट में शैक्षणिक योग्यता की अधूरी जानकारी
सीएम ने एडीआर रिपोर्ट में दर्ज अपनी शैक्षणिक योग्यता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में उनकी डिग्रियों का अधूरा उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में उनकी एम.ए. (MA) और एल.एल.बी. (LLB) जैसी उच्च शैक्षणिक डिग्रियों को शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि संस्था को इस बड़ी गलती में तुरंत सुधार करना चाहिए ताकि जनता के सामने सही तथ्य आ सकें। बीजेपी के पास ED और CBI जैसी तमाम केंद्रीय एजेंसियां हैं। मेरी पहले भी जांचें हो चुकी हैं और यदि बीजेपी को अभी भी कोई संदेह है तो वह दोबारा जांच करवा सकती है। मैंने अपनी पूरी जिंदगी मेहनत और ईमानदारी की कमाई से बिताई है, लेकिन रिपोर्ट को गलत तरीके से तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।”
“बिकने वालों की नहीं, विचारधारा से जुड़े लोगों की जरूरत”
राजनीतिक हलचलों और दलबदल की चर्चाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस का कोई विधायक पार्टी छोड़कर बीजेपी में जाना चाहता है तो वह जाने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत विचारधारा से प्रतिबद्ध नेताओं की जरूरत है, ऐसे लोगों की नहीं जो बिकने को तैयार हों। इसी क्रम में सीएम सुक्खू ने बड़ा दावा करते हुए कहा किबीजेपी के कई विधायक खुद कांग्रेस का टिकट पाने के लिए उनसे लगातार संपर्क बना रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि कांग्रेस “पेपर लीक और चंदा चोरी” के आरोपों से घिरी बीजेपी के किसी भी नेता को अपनी पार्टी में शामिल नहीं करेगी।
शिक्षा मंत्री पर प्रियंका गांधी के बयान का समर्थन
शिक्षा मंत्री के चयन और योग्यताओं से जुड़े मुद्दे पर प्रियंका गांधी द्वारा दिए गए बयान का मुख्यमंत्री ने पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का शिक्षा मंत्री ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जिसकी छवि बेदाग और स्वच्छ हो। वह खुद एक शिक्षाविद (Educationist) हो और जिसके कार्यकाल के दौरान किसी भी तरह के पेपर लीक या भ्रष्टाचार जैसी घटनाएं न हों।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

