- Advertisement

हिमाचल में दर्दनाक हादसा: चलती कार पर गिरीं चट्टानें, डॉक्टर दंपत्ति की मौ#त, बेटी गंभीर
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की आनी तहसील में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। राणाबाग–देवरी सड़क मार्ग पर पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें (बोल्डर) खिसककर चलती कार पर गिर गईं। पत्थरों की जोरदार टक्कर से वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल है।
पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े बोल्डर नीचे आ गिरे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर नंबर की कार में आनी क्षेत्र के स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ बृज ठाकुर उनकी पत्नी सुनीता व बेटी भव्या ठाकुर राणाबाग–देवरी मार्ग से गुजर रहे थे। जैसे ही गाड़ी करशैगाड़ पंचायत के पास पहुंची, पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े बोल्डर नीचे आ गिरे। चट्टानों की चपेट में आते ही कार चालक का नियंत्रण छूट गया और गाड़ी गहरी खाई में जा समाई। हादसे में डॉ बृज लाल व उनकी पत्नी की मौत हो गई जबकि बेटी भव्य गंभीर रूप से घायल है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू, DPCR और ग्राम पंचायत प्रधान से मिली जानकारी के आधार पर हादसे की सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंची।
राहत एवं बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल तुरंत मौके पर रवाना हुए। खाई से तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल उनकी बेटी को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए आनी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू, पुलिस थाना आनी, तहसीलदार आनी और बीएमओ (BMO) आनी को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।
छविंद्र शर्मा

