-
Advertisement
HPRCA : राज्य चयन आयोग ने घोषित किया रसायन विज्ञान शिक्षक परीक्षा का परिणाम, 207 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट
HPRCA : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने स्कूल शिक्षा निदेशालय के तहत रसायन विज्ञान (Chemistry) शिक्षक के 78 पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (CBT) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में प्रदर्शन और आयोग द्वारा मंजूर की गई अवार्ड लिस्ट व तय अनुपात के आधार पर कुल 207 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
3 जुलाई को आयोजित हुई थी परीक्षा: ये हैं मुख्य आंकड़े
शिक्षा विभाग से प्राप्त मांग पत्र के आधार पर आयोग ने 7 अप्रैल 2026 को विज्ञापन संख्या 07/2026 के तहत इन पदों को विज्ञापित किया था। 2,439 अभ्यर्थियों के आवेदन प्रोविजनल रूप से स्वीकार किए गए थे। 3 जुलाई 2026 को कंप्यूटर आधारित छंटनी परीक्षा (CBT) आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 1,963 उम्मीदवार शामिल हुए, जबकि 476 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल 1,963 परीक्षार्थियों में से 207 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए अंतिम रूप से शॉर्टलिस्ट किया गया है।
11 अगस्त को होगा दस्तावेजों का सत्यापन
शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की पात्रता व शैक्षणिक योग्यता से संबंधित दस्तावेजों की जांच 11 अगस्त 2026 को सुबह 10:00 बजे से हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर के परिसर में की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य दस्तावेज
पात्रता से संबंधित सभी मूल दस्तावेज (Original Certificates)
सभी मूल दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित (Self-Attested) प्रतियों के 02 सेट
एक वैध फोटो पहचान पत्र (Photo ID Proof)
ऑनलाइन डाउनलोड किए गए आवेदन पत्र की प्रति (Application Form Copy)
डाक से नहीं भेजा जाएगा कॉल लेटर
ईमेल से मिलेगी जानकारी: आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए डाक के माध्यम से अलग से कोई कॉल लेटर नहीं भेजा जाएगा। सूचना अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन में उपलब्ध कराई गई ईमेल आईडी (Email ID) पर भेजी जाएगी। विस्तृत परिणाम और दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.hprca.hp.gov.in पर भी उपलब्ध है। यदि कोई अभ्यर्थी 11 अगस्त 2026 को निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होता है, तो उसे चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा और इसके बाद कोई अन्य मौका नहीं मिलेगा।
अशोक राणा
