- Advertisement

हार के डर से चुनाव टाल रही कांग्रेस- जयराम ठाकुर का 2 दिन का अल्टीमेटम, डीसी शिमला पर भी बरसे
Shimla Zila Parishad: शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर हिमाचल प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। चुनाव नतीजे घोषित होने के सवा दो महीने (75 दिन) से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव न होने परबीजेपी ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दो दिन में चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई, तो बीजेपी उग्र आंदोलन करेगी और मामला हाईकोर्ट तक ले जाएगी। जिला परिषद चुनावों को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने डीसी शिमला को घेरा।
DC ऑफिस शिमला कांग्रेस का कार्यालय बन गया
जयराम ठाकुर ने कहा कि वह पिछले तीन दिन से DC शिमला से बात करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनसे फोन पर बात नहीं हो पाई है। उन्होंने अधिकारियों के हालात को चिंताजनक बताया। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर चुनाव की तारीख तय नहीं की गई, तो DC कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि DC ऑफिस शिमला कांग्रेस का कार्यालय बन गया है।
चुनाव कराने से बच रही है कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के पास जिला परिषद में बहुमत नहीं है, इसी वजह से वह चुनाव कराने से बच रही है। जनता ने अपने प्रतिनिधि चुन दिए हैं, लेकिन सरकार हार के डर से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोक रही है। चुनाव में देरी से पंचायतीराज संस्थाओं और जिला परिषद का विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। बीजेपी का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनना तय है और दो अन्य सदस्य भी हमारे संपर्क में हैं।”
पंचायतीराज एक्ट में बदलाव पर उठाए गंभीर सवाल
जयराम ठाकुर ने सरकार द्वारा पंचायतीराज एक्ट के नियमों में किए गए संशोधन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले के नियमों के मुताबिक नतीजे आने के एक सप्ताह के भीतर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराना अनिवार्य था। लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस समय-सीमा की शर्त को ही हटा दिया। बीजेपी का आरोप है कि सरकार इस नियम का गलत फायदा उठाकर चुनाव को अनिश्चितकाल के लिए टाल रही है।
हरियाणा और जयपुर की बाड़ाबंदी के बाद शिमला लौटे सदस्य
जिला परिषद चुनाव में जोड़-तोड़ और हॉर्स ट्रेडिंग (खरीद-फरोख्त) की आशंका को देखते हुए बीजेपी ने अपने समर्थित सदस्यों की कड़ी बाड़ाबंदी की थी।10 दिन हरियाणा और उसके बाद 5-6 दिन जयपुर में रखने के बाद, आज सभी बीजेपी समर्थित सदस्य वापस शिमला पहुंच गए हैं।सदस्यों की वापसी के साथ ही बीजेपी ने अब सीधे मैदान में उतरकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक प्रशासन और सरकार ने चुनाव की तारीख घोषित नहीं की, तो भाजपा का धरना तब तक जारी रहेगा जब तक चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हो जाती।
संजू चौधरी
