-
Advertisement
ऊना में बड़ा हादसा: पीर निगाह दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा वाहन खाई में गिरा, मची चीख-पुकार
Una Accident: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा से पीर निगाह माथा टेकने आए श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर वाला मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में करीब 50 श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।

ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल (इंद्री), पानीपत और फतेहाबाद से आए रिश्तेदार व श्रद्धालु रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे। मंगलवार सुबह पीर निगाह में माथा टेकने और लंगर सेवा के बाद श्रद्धालु माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब दर्शन के लिए रवाना हो रहे थे। मंदिर से करीब दो किलोमीटर आगे ढलान (उतराई) पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रिपिंग के कारण वाहन खाई में जा गिरा।

चीख-पुकार के बीच बचाव कार्य
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों और 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घायल रमेश कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई थी।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
पीर निगाह मार्ग पर मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं के सफर करने का यह कोई पहला मामला नहीं है।
पिछली घटनाएं: करीब एक सप्ताह पहले भी इसी मार्ग पर एक मालवाहक वाहन पलटा था।
लापरवाही: लगातार हो रहे हादसों और जान-माल के खतरे के बावजूद ऐसे मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक नहीं लग पा रही है, जिससे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुनैना जसवाल
