-
Advertisement
बालाकोट एयरस्ट्राइक के हीरो अभिनंदन वर्धमान ने वायुसेना से लिया रिटायरमेंट, अब उड़ाएंगे कमर्शियल विमान
Group Captain Abhinandan Varthaman: बालाकोट एयरस्ट्राइक के दौरान अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देने वाले पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना (IAF) से रिटायरमेंट ले लिया है। लगभग दो दशकों की देशसेवा के बाद अब वे एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। अभिनंदन ने गोवा आधारित प्राइवेट एयरलाइन ‘फ्लाई-91’ (Fly91) जॉइन कर ली है, जहां वे बतौर कॉमर्शियल यात्री विमान के पायलट सेवाएं देंगे।
अभिनंदन ने 31 मार्च 2026 को आधिकारिक रूप से वायुसेना छोड़ी थी, जिसके बाद अगस्त में उन्होंने प्राइवेट एयरलाइन के साथ अपनी नई उड़ान शुरू की।
2019 में रचा था इतिहास: पाकिस्तान के F-16 को किया था ढेर
14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमले (जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे) के जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके ठीक अगले दिन, 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा (LoC) में घुसपैठ की कोशिश की।उस वक्त श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात अभिनंदन वर्धमान तुरंत अपने MiG-21 बाइसन फाइटर जेट के साथ एक्शन में आए। अलर्ट मिलते ही अभिनंदन ने पीछे हट रहे एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान का पीछा किया और हवाई लड़ाई (Dogfight) में उसे मार गिराया।इस हवाई जंग के दौरान पाकिस्तानी विमानों ने कई बियॉन्ड विजुअल रेंज (BVR) मिसाइलें दागीं, जिनमें से एक मिसाइल उनके MiG-21 से टकरा गई।
60 घंटे पाकिस्तान की कैद में
विमान क्षतिग्रस्त होने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया और पैराशूट के जरिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में उतरे, जहां पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
भारत के दबाव के आगे झुका था पाकिस्तान
भारत के कड़े कूटनीतिक दबाव और अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप के चलते पाकिस्तान को केवल 60 घंटे के भीतर उन्हें छोड़ना पड़ा। 1 मार्च 2019 को अभिनंदन अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए सकुशल स्वदेश लौटे। देश की रक्षा में दिखाए गए अतुलनीय साहस और संयम के लिए वर्ष 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। लड़ाकू विमान से आसमान में भारत का परचम लहराने के बाद अब ग्रुप कैप्टन अभिनंदन (रिटायर्ड) नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाते नजर आएंगे।
पंकज शर्मा
