-
Advertisement
सीएम सुक्खू के बाद डिप्टी CM भी दिल्ली रवाना; हिमाचल कैबिनेट में फेरबदल और नए चेहरों की चर्चा तेज
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश में राज्य सरकार और कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अचानक तेज हो गई हैं। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे के बाद अब डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। राज्य के दिग्गज नेताओं के एक साथ राष्ट्रीय राजधानी में जुटने से कैबिनेट विस्तार और विभागों में फेरबदल की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों के मुताबिक, कृषि मंत्री चंद्र कुमार को भी पार्टी हाईकमान ने दिल्ली तलब किया है, जबकि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आधिकारिक कार्यक्रमों के सिलसिले में पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। दिल्ली प्रवास के दौरान इन सभी शीर्ष नेताओं की कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ अहम बैठकें प्रस्तावित हैं।
कैबिनेट में फेरबदल और नए चेहरों की एंट्री की संभावना
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह बैठक केवल नए मंत्रियों को शामिल करने तक सीमित नहीं है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस हाईकमान सरकार और संगठन में बड़ा प्रशासनिक सुधार करने की योजना बना रहा है। इसके तहत मौजूदा मंत्रियों के प्रदर्शन के आधार पर कुछ के विभागों में फेरबदल किया जा सकता है, वहीं खराब प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों की छुट्टी भी संभव है। कुल्लू से विधायक सुंदर ठाकुर का नाम नए मंत्री के तौर पर सबसे आगे चल रहा है। सीएम सुक्खू खुद कई मौकों पर उन्हें मंत्री बनाने के संकेत दे चुके हैं। 2027 के चुनावों के लिए क्षेत्रीय व जातीय संतुलन पर जोरकांग्रेस नेतृत्व राज्य में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने की रणनीति पर काम कर रहा है। मंत्रियों की कार्यप्रणाली, राजनीतिक सक्रियता और उनके क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को फैसले का मुख्य आधार बनाया जा रहा है। दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली इन बैठकों के बाद राज्य की भावी राजनीति और कैबिनेट के नए स्वरूप की तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।
पंकज शर्मा
