-
Advertisement
‘सरकार सुन नहीं रही’: सोलन में कांग्रेस का रोष, केंद्र के खिलाफ भैंस के आगे बीन बजाकर किया अनोखा विरोध
Solan Congess Protest: केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने सोलन के व्यस्त मालरोड पर एक विशाल रोष रैली निकाली। इस रैली के दौरान मालरोड राजनीतिक नारों से गूंज उठा। प्रदर्शन में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला दृश्य तब सामने आया, जब सोलन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित ठाकुर ने ‘भैंस के आगे बीन’ बजाकर प्रतीकात्मक तरीके से अपना विरोध जताया। इस अनोखे तरीके को देखकर मालरोड से गुजरने वाले लोगों की नजरें भी प्रदर्शन पर टिक गईं।
पुराने विश्राम गृह से मुरारी मार्किट तक निकली रैली
कांग्रेस की यह रोष रैली पुराने विश्राम गृह से शुरू होकर मुरारी मार्किट तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि केंद्र की नीतियों से जनता त्रस्त है और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए ही ‘भैंस के आगे बीन बजाने’ का यह प्रतीकात्मक तरीका अपनाया गया है। नेताओं ने केंद्र की नीतियों पर कई सवाल खड़े किए और अपनी मांगों को लेकर कड़ा ऐतराज जताया।
रैली में दिग्गज नेताओं ने की शिरकत
सोलन में हुए इस शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विधित चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने रैली में हिस्सा लिया। इससे पहले सोलन पहुंचने पर हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
विरोध के जरिए दिया कड़ा राजनीतिक संदेश
सोलन में पिछले कुछ समय से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस की इस रैली को आगामी राजनीतिक सरगर्मियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और अनोखे विरोध के जरिए कांग्रेस ने यह स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि केंद्र सरकार से जुड़े मुद्दों पर पार्टी इसी तरह सड़क पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।
नरेंद्र
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
