-
Advertisement
अब और हाईटेक होगी हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट, जानिए तकनीकी परेशानी पर कहां करें संपर्क
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। डिजिटल युग की जरूरतों को देखते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) अपनी आधिकारिक वेबसाइट को पूरी तरह से अपग्रेड कर रहा है। इसे पहले से अधिक प्रभावी, सुगम और यूजर-फ्रेंडली बनाया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों से लेकर स्कूल प्रबंधन तक सभी को ऑनलाइन सेवाएं बेहद आसानी और सुचारु रूप से मिल सकें। वेबसाइट के अपडेशन का यह काम बेहद योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। बोर्ड केअध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि आम उपयोगकर्ताओं और विद्यार्थियों को वेबसाइट इस्तेमाल करने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए वेबसाइट के रखरखाव और तकनीकी सुधार के अधिकतर काम कार्यालयीन समय के बाद (ऑफ-आवर्स) में किए जा रहे हैं। इस रणनीति से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि दिन के समय बोर्ड की नियमित सेवाएं बिना किसी रुकावट के चलती रहें।
तकनीकी दिक्कत पर न हों परेशान, बोर्ड ने की खास व्यवस्था
बैकएंड पर चल रहे इस अपडेशन के दौरान यदि किसी विद्यार्थी, अध्यापक, अभिभावक या विद्यालय को वेबसाइट पर कोई तकनीकी समस्या आती है या पेज खुलने में रुकावट महसूस होती है, तो उन्हें घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने और त्वरित समाधान के लिए बोर्ड ने उचित व्यवस्था कर ली है।
यहां कर सकते हैं संपर्क
किसी भी तरह की तकनीकी समस्या आने पर उपयोगकर्ता कार्य दिवसों में कार्यालय समय के दौरान बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242173 पर सीधा संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी शिकायत या तकनीकी समस्या बोर्ड की आधिकारिक ई-मेल आईडी [email protected] पर भेजी जा सकती है। बोर्ड द्वारा इन शिकायतों को तुरंत संबंधित तकनीकी टीम के पास समाधान के लिए भेजा जाएगा।डॉ. राजेश शर्मा ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से इस ट्रांजिशन फेज में सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बोर्ड का निरंतर प्रयास है कि शिक्षा से जुड़ी सभी ऑनलाइन सेवाएं निर्बाध रूप से मिलती रहें, और इस पूरे अपडेशन कार्य में आम जनता की सुविधा को ही सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
