-
Advertisement
शिमला के जुब्बल में रात को भड़की आग, लाखों का सामान स्वाहा; 5 परिवारों का आशियाना छीना
Himachal Fire: शिमला जिले के उपमंडल जुब्बल के धार गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक अग्निकांड में पांच मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि देखते ही देखते पांच परिवारों का आशियाना और उसमें रखा सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे पेश आया, जब गांव के एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। सूखी लकड़ी के बने मकान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया और तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग व स्थानीय प्रशासन को दी।
शिमला जिले के जुब्बल में आग लगने से पांच घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई मकान इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। #Jubbal #Shimla #Fire #HimachalPradesh #Panic #WoodenStructures #HeavyLosses #MassiveFire
#FireBrigade pic.twitter.com/SQjgjJzFOh— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) October 2, 2026
आज सुबह 5 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया
सूचना मिलते ही कोटखाई, जुब्बल और रोहड़ू से दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुईं। दमकलकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक अनिल, हरनाम सिंह, नरेंद्र सिंह और मोहन सिंह समेत प्रभावित परिवारों के घर और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।
प्रशासनिक टीम मौके पर, राहत कार्य शुरू
घटना के बाद पांचों परिवार बेघर हो गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को तत्काल फौरी राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही राजस्व विभाग की टीम आग से हुए कुल नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग शार्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से।
अनु गुप्ता
