-
Advertisement
संविधान बचाने सड़कों पर उतरी कांग्रेस, मार्च में नहीं पहुंचे सीएम सुक्खू -‘वोट चोरी’ और ‘पेपर लीक’ पर केंद्र को घेरा
Samvidhan Raksha March: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को राजधानी शिमला में ‘संविधान बचाओ मार्च’ निकाला। इस मार्च में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान वोट चोरी, चंदा चोरी और परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
अंबेडकर चौक से रिज मैदान तक पैदल मार्च
कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता अंबेडकर चौक, चौड़ा मैदान से पैदल मार्च करते हुए रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई। मार्च में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। हालांकि, शिमला के छराबड़ा में ठहरीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के इस रैली में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन वे इसमें शामिल नहीं हुईं। वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू भी स्वास्थ्य कारणों के चलते इस मार्च का हिस्सा नहीं बन सके।
चुनी हुई सरकारों को गिराने के प्रयास हो रहे
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि संविधान देश के लिए सर्वोपरि है और इसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में ‘वोट चोरी’, ‘विधायक चोरी’ और चुनी हुई सरकारों को गिराने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में भी ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए कांग्रेस विधायकों को तोड़कर सरकार गिराने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है।
हर जिले और चौपाल जाएगा ये आंदोलन
हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल ने पेपर लीक के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे मेहनत करने वाले छात्रों और गरीब परिवारों के सपनों को बड़ा झटका लगता है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राम मंदिर के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस आंदोलन को केवल शिमला तक सीमित न रखकर प्रदेश के हर जिले और चौपाल तक ले जाएगी।
कांग्रेस कार्यकर्ता वोट और देश की रक्षा का संकल्प ले रहे
प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पार्टी ‘वोट चोरी, चंदा चोरी’ और पेपर लीक जैसी स्थितियों के खिलाफ आवाज उठा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से इस अभियान में शामिल होने की अपील की और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वोट और देश की रक्षा का संकल्प ले रहे हैं।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
