-
Advertisement
भाई मुख्यमंत्री के स्टाफ में है, Govt Job दिला दूंगा ! नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
Fraud Government Job : जिला कांगड़ा के तहत बैजनाथ क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 60 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। कुकैना गांव के रहने वाले प्रवीण कुमार ने पचरुखी के रठां गांव के रहने वाले विशाल शर्मा पर अपने और रिश्तेदारों के बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
60 लाख ठगे लेकिन नौकरी नहीं दिलाई
प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि विशाल शर्मा ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उसका भाई मुख्यमंत्री के स्टाफ में तैनात है और वह उनके बच्चों को सरकारी नौकरी दिलवा सकता है। इसी भरोसे में आकर उसने अपने और रिश्तेदारों के बच्चों को नौकरी दिलाने के लिए आरोपित को किस्तों में 60 लाख रुपए दिए लेकिन उसने नौकरी नहीं दिलाई। थाना प्रभारी यादेश ठाकुर के मुताबिक पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
-राहुल कुमार
