-
Advertisement
दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा: DA में 3% की बढ़ोतरी, अब 63% हुआ महंगाई भत्ता
Central Employees DA: दिवाली के त्योहारी सीजन के बीच केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ा आर्थिक तोहफा दिया है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 फीसदी का इजाफा करने के फैसले पर मुहर लगाई गई।इस बढ़ोतरी के बाद अब महंगाई भत्ता 60% से बढ़कर 63% हो गया है। सरकार के इस फैसले से देश भर के लगभग 48 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
सैलरी और पेंशन के साथ एकमुश्त मिलेगा
सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई से प्रभावी माना जाएगा। चूंकि यह फैसला जुलाई से लागू हो रहा है, इसलिए कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई, अगस्त और सितंबर—इन तीन महीनों का बकाया (Arrears) भी आने वाली सैलरी और पेंशन के साथ एकमुश्त मिलेगा। इस फैसले से सरकारी खजाने पर लगभग 10,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
अप्रैल में 2% बढ़ा था DA
इससे पहले सरकार ने अप्रैल महीने में कर्मचारियों के DA और पेंशनभोगियों के DR में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद यह 60 फीसदी पर पहुंच गया था। अब 3 फीसदी की ताजा बढ़ोतरी के साथ यह आंकड़ा 63 फीसदी के स्तर पर पहुंच गया है।
जानिए आपकी सैलरी पर कितना पड़ेगा असर?
महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी से कर्मचारियों की कुल सैलरी में इजाफा उनकी बेसिक पे (Basic Pay) के आधार पर तय होता है। जिन कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक पे ₹18,000 है, उनकी सैलरी में 3% बढ़ोतरी के हिसाब से हर महीने ₹540 का इजाफा होगा। जिन वरिष्ठ अधिकारियों की बेसिक सैलरी ₹56,100 है, उनकी मासिक सैलरी में लगभग ₹1,683 की सीधी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
केंद्र सरकार हर साल कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA और DR की दरों में दो बार संशोधन (जनवरी और जुलाई) करती है। सरकार ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI-IW) के आंकड़ों के आधार पर देश में महंगाई के स्तर का आकलन करती है और उसी अनुपात में भत्ते बढ़ाने का निर्णय लेती है।त्योहारों के ऐन मौके पर लिए गए इस फैसले से कर्मचारियों की जेब में अतिरिक्त पैसे आएंगे, जिससे त्योहारी खरीदारी में उत्साह देखने को मिलेगा।
पंकज शर्मा
