-
Advertisement
शिमला के रोहड़ू में दर्दनाक सड़क हादसा: मां-बेटे समेत 5 लोगों की मौ#त, एक घायल
Himachal Accident: शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के अंतर्गत आने वाले दरोटी गांव के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस अप्रत्याशित और भीषण हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
कैसे हुआ हादसा और कौन थे शिकार?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरोटी निवासी कुशल (पुत्र प्रमोद) अपनी मां कल्पना देवी के साथ नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान दरोटी गांव के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दरोटी निवासी कुशल और उनकी माता कल्पना देवी के रूप में हुई है। इनके अलावा, तीन अन्य मृतक नेपाल के मूल निवासी हैं, जिनकी पहचान निर्मला (पत्नी पवन), मीना (पत्नी प्रेम) और रोशनी (पुत्री प्रेम) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए एक अन्य व्यक्ति को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए IGMC शिमला रेफर कर दिया गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ही परिवार के मां-बेटे की इस तरह अचानक मौत से उनके घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले नेपाली मजदूरों के स्वजनों में भी कोहराम मच गया है। फिलहाल अस्पताल में सभी शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा।
प्रशासन की ओर से राहत राशि जारी
तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिष्टा ने इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि की है। प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अनु गुप्ता
