-
Advertisement
पीटरहॉफ बेच नहीं रहे, जीर्णोद्धार के बाद बनेंगे 100 कमरे, CM सुक्खू का जयराम ठाकुर पर पलटवार
CM Sukhwinder Singh Sukhu: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर राज्य की सुक्खू सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं और विपक्ष को घेरने की रणनीति बना ली है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शीतकालीन सत्र से पहले बीजेपी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि विपक्ष सदन के भीतर हर मुद्दे पर सार्थक चर्चा करे, न कि वॉकआउट का सहारा लेकर अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटे।
जयराम ठाकुर पर तीखा हमला
सीएम सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि वे इस समय भारी राजनीतिक दबाव में हैं। सीएम ने दावा किया कि खुद बीजेपी विधायक दल के भीतर भी जयराम ठाकुर के खिलाफ रोष है, जिसके चलते वे बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं। सुक्खू ने दो टूक कहा कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है, बशर्ते विपक्ष सदन में बैठकर बहस करने का साहस दिखाए।
पीटरहॉफ बेचने के आरोपों पर पलटवार
शिमला स्थित ऐतिहासिक राज्य अतिथि गृह ‘पीटरहॉफ’ को बेचने संबंधी नेता प्रतिपक्ष के आरोपों को सीएम सुक्खू ने सिरे से खारिज कर दिया। जयराम ठाकुर पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि पीटरहॉफ को बेचा नहीं जा रहा है, बल्कि इसका आधुनिक तरीके से जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद नए पीटरहॉफ भवन में कुल 100 कमरे होंगे। पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस शासन में प्रदेश के हितों की रक्षा की जाती है, जबकि बीजेपी के कार्यकाल में हिमाचल के हितों को बेचा जा रहा था।
सोनिया गांधी की किताब पर दी प्रतिक्रिया
इस अवसर पर सीएम सुक्खू ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने बेहद सच्चे मन से इस पुस्तक को लिखा है और बाजार में पाठकों की ओर से इसे शानदार रिस्पांस मिल रहा है। सीएम ने कहा कि सोनिया गांधी की सास (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) और उनके पति (पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी) ने देश की एकता व अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। इस किताब में देश के इतिहास और उनके परिवार से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण घटनाओं का बेहद सटीक और संवेदनशील जिक्र किया गया है।
संजू चौधरी
