-
Advertisement
हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज: रोहतांग दर्रे में चार इंच हिमपात, शिमला-कांगड़ा में बूंदाबांदी
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में करीब एक महीने से चल रहे शुष्क मौसम (ड्राई स्पेल) का दौर आखिरकार थम गया है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों बारालाचा, कुंजुम, रोहतांग और शिंकुला की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे में चार इंच हिमपात होने की सूचना है। बर्फ के फाहों का आनंद लेने पर्यटक मढ़ी पहुंचे है। शुक्रवार सुबह राजधानी शिमला, कांगड़ा और बिलासपुर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि मनाली समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) शिमला के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिन यानी 15 नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा।
आज इन जिलों में अलर्ट और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग ने शुक्रवार (13 नवंबर) के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात (बर्फबारी) की संभावना जताई गई है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने के कारण आया है, जो 16 नवंबर से कमजोर पड़ना शुरू होगा।
तेजी से लुढ़का पारा, बढ़ी ठिठुरन
बारिश और बादलों के कारण प्रदेश में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ेगी। हालांकि, 16 नवंबर के बाद मौसम साफ होने से लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
