-
Advertisement
शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 3, 5 एवं 8वीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं दिसंबर में
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में तीसरी, पांचवीं एवं आठवीं कक्षाओं के नियमित परीक्षार्थियों की वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि तीसरी एवं पांचवीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं दिनांक 14 दिसम्बर, 2026 से 18 दिसम्बर, 2026 तक तथा आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं दिनांक 09 दिसम्बर, 2026 से 19 दिसम्बर, 2026 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र में प्रातः 09:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक संचालित होंगी।
अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षाओं के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए बोर्ड द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों से आग्रह किया कि वे निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षाओं का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार किया जा सके।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उक्त परीक्षाओं की विस्तृत डेटशीट हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध करवा दी गई है। संबंधित विद्यालयों, अभिभावकों एवं परीक्षार्थियों से आग्रह है कि वे बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर डेटशीट का अवलोकन करें तथा उसके अनुसार परीक्षा की तैयारियां सुनिश्चित करें।
डॉ. शर्मा ने अभिभावकों एवं अध्यापकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें, ताकि वे बिना किसी तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं में सम्मिलित हो सकें।उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा प्रारम्भ होने से आधा घंटा पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूर्ण की जा सकें।
