-
Advertisement
तेज रफ्तार का कहर: सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला को ट्रक ने कु#चला, IGMC पहुंचने से पहले तोड़ा द#म
Shimla Accident: राजधानी शिमला के भट्टाकुफर मोड़ के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। सड़क पार करते समय एक अनियंत्रित ट्रक ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। मृतका की पहचान भट्टाकुफर निवासी विद्या देवी के रूप में हुई है।
इलाज के दौरान चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
जानकारी के अनुसार, विद्या देवी भट्टाकुफर मोड़ के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक ने उन्हें रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को आनन-फानन में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।भट्टाकुफर के पार्षद नरेंद्र कुमार के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने पीछा कर हाउसिंग बोर्ड के पास पकड़ लिया। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक चालक ने स्वयं पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।
मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों और इसमें ट्रक चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
संजू चौधरी
