-
Advertisement
गारंटियों पर महाभारत: जयराम ठाकुर ने मांगा 4 साल का हिसाब, बोले- बीजेपी सरकार बनने पर होगा कांग्रेस के फैसलों का रिव्यू
Jai Ram Thakur: हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार द्वारा कैबिनेट बैठक में साढ़े तीन लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 10 लाख रुपये के बीमा का लाभ देने के फैसले पर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस निर्णय पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार पर चुनावी वर्ष में जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
28 लाख में से केवल साढ़े तीन लाख महिलाओं को लाभ क्यों
जयराम ठाकुर ने कहा कि चार साल बीत जाने के बाद कांग्रेस सरकार को अपनी चुनावी गारंटियों की याद आई है। उन्होंने याद दिलाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने 18 से 60 वर्ष की सभी महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था। नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, प्रदेश में इस आयु वर्ग की लगभग 28 लाख महिलाएं हैं, ऐसे में केवल साढ़े तीन लाख महिलाओं को ही इस दायरे में लाना शेष महिलाओं के साथ अन्याय है।
बजट प्रावधानों पर उठाए सवाल
वित्तीय गणित का हवाला देते हुए जयराम ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस की गारंटी के अनुसार चार साल में प्रत्येक महिला को 72 हजार रुपये दिए जाने बनते हैं, जिससे सरकार पर लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि केवल 3.5 लाख महिलाओं को भी यह लाभ दिया जाए, तो सालाना लगभग 625 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी, जबकि मौजूदा बजट में इसके लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है। इसी तरह, मध्यम वर्ग को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी को भी मात्र 3.5 लाख परिवारों तक सीमित कर दिया गया है।
शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रदेश चुनावी वर्ष में प्रवेश कर चुका है और जनता अब हर गारंटी का हिसाब मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता के साथ-साथ अपने विधायकों से भी झूठ बोला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी शीतकालीन सत्र में भाजपा दूध पर एमएसपी (MSP), नशे पर नियंत्रण, भ्रष्टाचार और प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर कांग्रेस सरकार के अंतिम एक वर्ष के कार्यों और इन गारंटियों की समीक्षा (रिव्यू) की जाएगी।
कंगना पर FIR को बताया अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला
मंडी से सांसद कंगना रनौत के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर (FIR) के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी निजी राय रखने का अधिकार है, लेकिन प्रदेश सरकार अपने खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने के लिए एफआईआर दर्ज करवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करने वाले सैकड़ों लोगों पर मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि कांग्रेस से जुड़े पेजों से भाजपा के प्रदेश और राष्ट्रीय नेताओं के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
सोनिया गांधी की पुस्तक पर प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक से जुड़े एक सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने स्वयं यह पुस्तक नहीं पढ़ी है, लेकिन प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में प्रकाशित इसकी समीक्षाएं देखी हैं। उन समीक्षाओं का हवाला देते हुए जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पुस्तक में वर्णित कई तथ्यों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पुस्तक के माध्यम से राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने और उनके प्रति सहानुभूति जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
संजू चौधरी
