-
Advertisement
सलूणी के संघणी बाजार में तड़के भड़की भीषण आग- कई दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
Chamba Fire: जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के अंतर्गत आते संघणी बाजार में तड़के भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में बाजार की कई दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, तड़के जब पूरा क्षेत्र गहरी नींद में सो रहा था, तभी अचानक संघणी बाजार स्थित एक दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग इतनी तेजी से भड़की कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता के कारण दुकानदारों को संभलने या अंदर रखा कीमती सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल सका।
संघणी बाजार में अफरा-तफरी और मातम का माहौल
घटना की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। साथ ही, अग्निशमन विभाग सलूणी को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई दुकानें और उनमें रखा सारा सामान पूरी तरह स्वाहा हो चुका था।इस भयंकर हादसे के बाद से संघणी बाजार में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि ये दुकानें ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया थीं। सब कुछ जलकर खाक हो जाने से अब उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।स्थानीय लोगों और प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि तुरंत मौके पर राजस्व टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
राहुल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
