-
Advertisement
इंगेजमेंट पॉलिसी 2026 : नौजवानों को “टुकड़ा” फेंकने जैसा, ऐसी साजिश कांग्रेस सरकार कर रही-Video
Jairam Thakur : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार ना होने और मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) पर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर रोक लगा रखी है। वहीं, जगत सिंह नेगी के बयान पर छिड़े विवाद के बीच उन्होंने प्रदेश सरकार पर राजनीतिक विरोधियों और संगठनों का दमन करने का आरोप लगाया। जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) ने ये भी कहा है कि पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री को पूर तरह कस दिया है। पार्टी हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार चलाने की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। हाईकमान ने मुख्यमंत्री को स्पष्ट संदेश दिया है कि उनकी हर बात नहीं मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार राज्यसभा चुनाव, चारों लोकसभा सीटों और पंचायती राज व शहरी निकाय चुनावों में हार चुकी है। इसी कारण मंत्रिमंडल में फेरबदल और नए मंत्रियों की नियुक्ति पर हाईकमान ने रोक लगा दी है।
मुख्यमंत्री जगत सिंह नेगी को पूरा संरक्षण दे रहे
हिमाचल सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर छिड़े राजनीतिक विवाद के बीच पुलिस की कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और यहां तक कि कर्मचारी नेताओं का दमन करने पर उतर आई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जगत सिंह नेगी (Jagat Singh Negi) से किसी को कोई निजी दुश्मनी नहीं है। लेकिन, विधानसभा के भीतर उनका पाकिस्तानी सेना का प्रवक्ता बनकर भारतीय सेना के खिलाफ बयान देना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जगत सिंह नेगी को पूरा संरक्षण दे रहे हैं और भविष्य में इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में जिस चुनाव आयोग पर कांग्रेस सवाल उठा रही है, उसी आयोग के चुनाव करवाने के बाद कांग्रेस सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि चुनाव में वोट चोरी हुई है, तो उसे सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का आनंद लेने के साथ प्रदेश को लूटा जा रहा है और दूसरी तरफ वोट चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सरकार केवल समय निकालने का प्रयास कर रही
जयराम ठाकुर ने कहा कि जैसे.जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, प्रदेश सरकार आनन-फानन में ऐसी योजनाएं ला रही है, जो प्रदेश के युवाओं (Youth) के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार (Congress Govt) ने एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब टेंपरेरी रोजगार देने का प्रयास कर रही है। सरकार केवल समय निकालने का प्रयास कर रही है, लेकिन अबकी बार कांग्रेस युवाओं को गुमराह नहीं कर पाएगी। जयराम ठाकुर ने ये भी कहा है कि टेंपरेरी रोजगार नौजवानों को टुकड़ा फेंकना जैसा,ऐसी साजिश सरकार कर रही है। पंजाब में नशे की बढ़ती समस्या को लेकर जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में लंबे समय से नशे का कारोबार चल रहा है और दोनों सरकारें इस पर अंकुश लगाने में नाकाम रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना बीजेपी की प्राथमिकता है। बीजेपी.अकाली दल गठबंधन पर उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि 1996 से चला आ रहा भावनात्मक संबंध है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की ओर से 1 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त करने का लक्ष्य घोषित किया गया है।
-राहुल कुमार
