-
Advertisement
भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प, पुतला दहन के दौरान धक्कामुक्की में नेता की जैकेट फटी
BJYM Protest : शिमला में भाजयुमो के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्कामुक्की और तीखी झड़प हुई। मंत्री जगत सिंह नेगी का पुतला जलाने के प्रयास को रोकने के लिए पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई इस गहमागहमी में भाजयुमो के प्रदेश महासचिव सुशील कडशोली की जैकेट तक फट गई। इस घटना के बाद प्रदर्शनकारी भड़क गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे मौके पर माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस कार्रवाई पर भड़की बीजेपी ‘कठपुतली’ ना बनने की दी चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान हुई इस झड़प को लेकर बीजेपी जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर सीधा हमला बोला। चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पुलिस के दम पर भाजपा के लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करा रहे थे, लेकिन पुतला छीनने के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता और धक्कामुक्की की। चौहान ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस को सरकार के हाथ की कठपुतली बनने के बजाय निष्पक्ष रूप से जनता की सुरक्षा के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस तरह की पुलिस कार्रवाई को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
मंत्री के बयान से उपजा विवाद, इस्तीफे और माफी की मांग तेज
यह पूरा विवाद धर्मशाला में आयोजित विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा भारतीय सेना और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ है। इससे पहले बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर मंत्री के इस्तीफे की मांग कर चुका है, जिसके बाद मंगलवार को भाजयुमो, बीजेपी और महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर मोर्चा खोला। बीजेपी और भाजयुमो नेताओं ने सीएम से मांग की है कि मंत्री जगत सिंह नेगी को तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो प्रदेशभर में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
