-
Advertisement
आनी में दुराह के पास अनियंत्रित होकर खाई में समाई कार, 2 लोगों ने गंवाई जा#न
Anni Car Accident: कुल्लू के विधानसभा क्षेत्र आनी के तहत निथर उपतहसील में देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। ग्राम पंचायत दुराह के डवार्च सड़क मार्ग पर सेरी के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे का विवरण और मृतकों की पहचान
जानकारी के अनुसार देर रात एक ऑल्टो कार (HP 35 6481) डवार्च मार्ग से गुजर रही थी। सेरी के पास अचानक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा समाई।मृतकों की पहचान हरि सिंह निवासी गांव शाह, ग्राम पंचायत लोट, श्याम लाल निवासी गांव डवार्च, ग्राम पंचायत दुराहके रूप में हुई है।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया है। डीएसपी आनी राजीव मेहता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।इस दुखद घटना की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छविंद्र शर्मा
