-
Advertisement
ब्रेकिंगः धर्मशाला में दो करोड़ 74 लाख से अधिक गबन मामले में FIR- जानिए पूरा मामला
धर्मशाला। लोगों के पैसे दोगुना करने एवं अधिक लाभ का लालच देकर पैसे हड़पने के मामले में आखिरकार एफआईआर हो गई है। सहायक रजिस्ट्रार, को-ऑपरेटिव सोसाइटी धर्मशाला प्रत्यूश चौहान की शिकायत पर पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज किया गया है। सहायक रजिस्ट्रार, को-ऑपरेटिव सोसाइटी धर्मशाला ने सर्व मंगलम को-ऑपरेटिव एनएटीसी सोसाइटी लिमिटेड धर्मशाला के एमडी सुचारू बेदी, मनीश गुलेरिया निवासी डिपो बाजार, अमित कुमार निवासी पठियार, राकेश नरयाल निवासी गढ़ सुक्कड़, रितिका सूद निवासी डिपो बाजार, अनमोल निवासी वार्ड नंबर 16 सिनेमा रोड़ फाजिल्का पंजाब व तमन्ना बेदी पर 2,74,74,829 रुपए गबन करने का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में धारा 403, 406, 34 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। मामला दर्ज होने की पुष्टि एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने की है।
यह भी पढ़ें: पैसे दोगुना करने का लालच देकर सोसाइटी ने ठगे करोड़ों रुपए, हो रहा ऑडिट
क्या था मामला
लोगों के पैसे दोगुना करने एवं अधिक लाभ का लालच देकर सर्व मंगलम को-ऑपरेटिव एनएटीसी सोसाइटी लिमिटेड (Sarva Mangalam Cooperative NATC Society Limited ) ने करोड़ों रुपए हड़प लिए। पिछले साल अगस्त माह के अंत या फिर सितंबर में रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटी ने ऑडिट का शिकंजा कस दिया। असिस्टेंट रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटी धर्मशाला को निवेशकों से मिली शिकायतों के आधार पर सर्व मंगलम को-ऑपरेटिव एनएटीसी सोसाइटी का अप टू डेट ऑडिट शुरू किया। सर्व मंगलम को-ऑपरेटिव एनएटीसी सोसाइटी लिमिटेड (Sarva Mangalam Cooperative NATC Society Limited ) धर्मशाला में ही पंजीकृत है।

यह भी पढ़ें: Fake Degree Case: मानव भारती विवि के मालिक राणा को 6 दिन का पुलिस रिमांड
इसमें लोगों ने करोड़ों रुपए जमा करवाए थे, लेकिन सोसायटी के खातों में सिर्फ 65 से 70 लाख रुपए ही जमा थे। निवेशकों को अधिक आर्थिक नुकसान ना उठाना पड़े। इसके चलते असिस्टेंट रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटी ने संबंधित सोसाइटी की विभिन्न बैंकों में जमा 70 लाख रुपए की राशि सीज कर दी थी। सोसाइटी का ऑडिट फरवरी माह में खत्म होना था। उसके बाद सोसाइटी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज होनी थी, लेकिन कोरोना के चलते एफआईआर में देरी हुई। अब मामले में एफआईआर हुई है। तीन फरवरी को हिमाचल अभी अभी ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
19 फीसदी ब्याज के लालच में लोगों ने किया निवेश
सोसायटी ने बीते 6 व 7 वर्ष पूर्व धर्मशाला व जिला कांगड़ा के सैकड़ों लोगों को 19 प्रतिशत ब्याज का लालच देकर पैसा निवेश करने को कहा था। लोग भी अधिक ब्याज के लालच में आ गए और सोसायटी में निवेश कर दिया, लेकिन जब निवेशकों को पिछले 7-8 माह से जमा पूंजी मिलने में देरी होने लगी तथा एजेंट मिलने में आनाकानी करने लगे और सोशल मीडिया फेसबुक से सोसाइटी का पेज एकाएक बंद हुआ तो लोगों को ठगे होने का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने शिकायत कर कंपनी के एजेंटों पर पुलिस कार्रवाई की मांग की। तब रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटी ने शिकंजा कसा।

