-
Advertisement
हर गांव से मिट्टी-लोहा एकत्रित कर बनेगी वीरभद्र सिंह की विशाल प्रतिमा
Last Updated on July 8, 2022 by Vishal Rana
शिमला। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि पर आज उन्हें पूरा प्रदेश याद कर रहा है। 8 जुलाई 2022 को वीरभद्र सिंह इस दुनिया को अलविदा कह गए थे। वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि पर कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी और हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, बेटे विक्रमादित्य सिंह समेत कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पहली पुण्यतिथि पर आज सभी लोग पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी वीरभद्र सिंह की सोच को आगे ले जाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर यशवंत सिंह परमार को हिमाचल माता के नाम से जाना जाता है. तो वहीं, वीरभद्र सिंह भी आधुनिक हिमाचल के निर्माता के नाम से जाने जाते हैं। वीरभद्र सिंह ने समूचे प्रदेश का सर्वांगीण विकास किया। इसीलिए आज प्रदेश का हर व्यक्ति उन्हें याद करता है क्योंकि उन्होंने बिना भेदभाव प्रदेश भर के लोगों के हित के लिए काम किया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल सरकार ने एचपीएफएस व कृषि अधिकारी किए इधर-उधर, पढ़े किसे कहां भेजा
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज प्रदेश में ऐसी स्थिति है जहां इलाके विशेष का विकास करने का काम किया जा रहा है, लेकिन वीरभद्र सिंह ने समूचे हिमाचल प्रदेश का एक दृष्टि से विकास किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के हर गांव से मिट्टी-लोहा एकत्रित करने की मुहिम शुरू करेंगे। हर गांव, ब्लॉक और जिला से लोहा और मिट्टी एकत्रित कर स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विशाल प्रतिमा बनाने का काम किया जाएगा। यह काम एक मुहिम के तहत किया जाएगा। इस मुहिम में प्रदेश भर के लोगों को शामिल कर पूर्ण रूप से गैर राजनीतिक रखा जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की याद में शाम 4 बजे शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान वीरभद्र सिंह को याद किया जाएगा।