- Advertisement

शिमला के नेरवा में बड़ा हादसा, चलती कार पर काल बनकर गिरा पेड़ , चाचा-भतीजा थे सवार
Himachal News: शिमला जिला में मानसून के दौरान नुकसान और हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चौपाल के तहत नेरवा के वार्ड नंबर-7 में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा पेश आया, जहां मुख्य सड़क पर चल रही एक ऑल्टो कार पर अचानक सूखा चीड़ का पेड़ गिर गया। इस हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि सड़क किनारे खड़ी एक अन्य गाड़ी भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नौकरी की ज्वाइनिंग के लिए जा रहे थे चाचा-भतीजा
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के श्री नयनादेवी क्षेत्र के निवासी हुकम चंद अपने भतीजे रमन कुमार को नौकरी की ज्वाइनिंग दिलवाने के लिए गाड़ी से ले जा रहे थे। जैसे ही वे नेरवा के वार्ड नंबर-7 के पास पहुंचे, तभी एक भारी-भरकम सूखा चीड़ का पेड़ उनकी कार पर आ गिरा। पेड़ की टक्कर से असंतुलित होकर कार सड़क पर पलट गई।
घायलों की स्थिति और वाहनों को नुकसान
हादसे में भतीजे रमन कुमार की बाजू और हाथ में चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अब उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं, हुकम चंद को भी हल्की चोटें आई हैं। इस घटना में ऑल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा, सड़क किनारे खड़ी एक टाटा इंडिगो कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
टल गया बड़ा अनर्थ, कुछ देर बाधित रहा यातायात
जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वह स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की आवाजाही का भी मुख्य रास्ता है। गनीमत यह रही कि जिस वक्त पेड़ गिरा, उस समय सड़क पर कोई पैदल राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, इस घटना के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित रही।
संजू चौधरी

