-
Advertisement
अग्निवीर नवीन कुमार पंचतत्व में विलीन, बेटे से लिपटकर बिलख पड़ी मां
Agniveer Naveen Kumar: कारगिल में शहीद हुए कांगड़ा जिले के अग्निवीर नवीन कुमार आज पंचतत्व में विलीन हो गए। सैन्य सम्मान के साथ नवीन कुमार की पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। उनके चचेरे भाई के बेटे राहुल ने मुखाग्नि दी। नवीन कुमार को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी।
शहीद नवीन कुमार की पार्थिव देह बीती शाम को ही पालमपुर में आर्मी कैंप पहुंच गई थी। इसके बाद आज सुबह पार्थिव देह को उनके गांव लगाया गया। पूरा इलाका “नवीन कुमार अमर रहे” के नारों से गूंज उठा। पार्थिव देह के घर पहुंचते ही चीखोपुकार मच गई। मां अयोध्या देवी बेटे की पार्थिव देह से लिपट कर बिलख पड़ीं।

शहीद नवीन कुमार को अंतिम विदाई देने के लिए गांव में जनसैलाब उमड़ पड़ा है। आसपास के गांवों से भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं। बीजेपी विधायक विपिन परमार ने नवीन कुमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

नवीन कुमार भारतीय सेना की जम्मू-कश्मीर राइफल यूनिट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी के दौरान 20 मई की रात को लैंडस्लाइड की चपेट में आने से वह शहीद हो गए। 2 साल पहले ही वह सेना में भर्ती हुए थे। नवीन के पिता भी 13 जैक राइफल में हवलदार पद से रिटायर हुए थे। उनका कैंसर की वजह से पांच साल पहले देहांत हो गया था। नवीन अपने पीछे विधवा मां अयोध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी को छोड़ गए हैं। इन तीनों का इकलौता सहारा भी सरहदों की रक्षा करते हुए शहीद हो गया। नवीन कुमार 14 जुलाई 2024 को आखिरी बार छुट्टी पर घर आए थे।
राहुल कुमार

