-
Advertisement
सोलन में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी ऑल्टो कार, तीन युवक घायल
Solan Accident: सोलन शहर में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। राजगढ़ रोड से धोबीघाट रोड की ओर जा रही एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीनों युवक घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सड़क से नीचे गिरी कार, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार जैसे ही राजगढ़ रोड से धोबीघाट मार्ग की तरफ मुड़ी, चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और ऑल्टो सीधे नीचे जा गिरी। दुर्घटना के समय कार में तीन युवक सवार थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय निवासियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्तैदी दिखाई और क्षतिग्रस्त कार में फंसे तीनों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस व निजी वाहनों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार तीनों युवकों की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही सोलन पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का अभी सटीक पता नहीं चल पाया है। तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुट गई है।
नरेंद्र
