-
Advertisement
हिमाचल की स्वर्णिम बेटियों का मान: एशियन गेम्स चैंपियंस को 1-1 करोड़ और सरकारी नौकरी, रेणुका ठाकुर को भी मिलेगी राशि
Asian Games Champions: एशियाई खेलों (Asian Games) में महिला कबड्डी में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली स्वर्णिम बेटियों को हिमाचल सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। सोमवार को शिमला में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात करने पहुंचीं महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर की मांगों को स्वीकार करते हुए सीएम ने उन्हें 1-1 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने और सरकारी सेवा में समायोजित करने का बड़ा ऐलान किया है।इसके साथ ही सीएम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी 1-1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।
पुलिस या खेल विभाग में मिलेगी सरकारी नौकरी
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर तीनों खिलाड़ियों को 1-1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सौंपेगी। इसके अलावा खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जाएगा। सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में नौकरी नहीं चाहती हैं, उन्हें खेल विभाग (Sports Department) में नियुक्ति दी जाएगी।
‘बेटियों की सफलता पर हर हिमाचली को गर्व’
मुलाकात के दौरानसीएम सुक्खू ने तीनों खिलाड़ियों को पारंपरिक हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सीएम ने कहा, “हमारी बेटियों की कड़ी मेहनत और स्वर्णिम सफलता पर पूरे हिमाचल प्रदेश को गर्व है। सरकार राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।” सीएम ने उम्मीद जताई कि प्रदेश की बेटियां इसी तरह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहराती रहेंगी।
कप्तान पुष्पा राणा ने की युवाओं से ये अपील
सीएम से मुलाकात के बाद भारतीय कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग इनामी राशि को लेकर थी, जिसे सरकार ने माना। उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया है।इस अवसर पर पुष्पा राणा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल बेहतर भविष्य का रास्ता बनाते हैं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर भी प्रेरित करते हैं।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
