- Advertisement -
नई दिल्ली। हिमाचल यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी को अभी इंतजार करना होगा। इंटरव्यू के बाद अब कांग्रेस हाईकमान यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर आई शिकायतों के तथ्यों की जांच पड़ताल करेगा। इसके बाद ही कोई फैसला लेगा। इसके लिए बुधवार का दिन निर्धारित किया है। बुधवार यानि 11 नवंबर को यूथ कांग्रेस ऑफिस नई दिल्ली में इलेक्शन कमिश्नर तथ्यों की जांच करेंगे। इसके लिए जिन लोगों ने भी शिकायत की है, उन्हें तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखने का समय दिया जाएगा। तथ्य उन्हें ही रखने होंगे जिन्होंने शिकायत की है। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में शामिल तीनों उम्मीदवार तथ्य रखने के लिए योग्य नहीं होंगे। ऐसा कांग्रेस हाईकमान का आदेश है। यानि जिन लोगों ने भी शिकायत की हैं उन्हें तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी होगी कि कैसे गड़बड़ी हुई और कहां हुई। ऐसे में फिलहाल बुधवार तक नए हिमाचल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष की घोषणा नहीं होगी।
बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए जो तीन उम्मीदवार निगम भंडारी ,यदुपति ठाकुर व अमित पठानिया मैदान में थे, युकां के संविधान के अनुसार उनका साक्षात्कार नई दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी की अध्यक्षता में गठित कमेटी के पास हो चुका है। लेकिन इस दौरान हिमाचल युवां कांग्रेस अध्यक्ष( Himachal Youth Congress President) के लिए जो वोटिंग प्रक्रिया हुई है, उस पर आपत्तियां जताई गई हैं। ये आपत्तियां हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की ओर से दर्ज करवाई गई हैं। अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिमाचल कांग्रेस( Himachal Congress) की ओर से भी दबाव बनाया जा रहा है। वहीं अध्यक्ष पद के लिए अंदरखाते गुटबाजी भी सामने आई है। यहां तक कि कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी भी इस प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं है। यदुपति ठाकुर ने भी कुछ सवाल उठाए हैं। इस सभी को देखते हुए हाइकमान की ओर से यह तय किया गया है कि इस सबंध में जो भी आपत्तियां आई हैं उनकी जांच की जाएगी, अगर यह आपत्तियां सही पाई जाती हैं तो राष्ट्रीय युकां की ओर से अगला कदम उठाया जाएगा। फिलहाल हिमाचल युकां अध्यक्ष पद के नाम के ऐलान पर रोक लग गई है।
जाहिर है हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पदके लिए किन्नौर जिला ( Kinnaur District) से संबंध रखने वाले निगम भंडारी को 40010,यदुपति ठाकुर को मिले 37,732 वोट और अमित पठानिया को 5,998 मत मिले थे। जाहिर है युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर संगठन में जबरदस्त लॉबिंग चल रही है। दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। दिल्ली जाने से पहले सभी युवा कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के दिग्गजों से मुलाकात की। इन में यदुपति ठाकुर वीरभद्र गुट, निगम भंडारी सुक्खू गुट से जुड़े है।निगम भंडारी ,यदुपति ठाकुर व अमित पठानिया पिछले दो दिनों ने दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।
- Advertisement -