- Advertisement

पहले पानी पिलाने का बनाया बहाना, फिर तान दी पिस्तौल: चिंतपूर्णी में बाइक सवार शातिर ने दंपती से की लूटपाट
Himachal News: चिंतपूर्णी की अपर लोहारा पंचायत में किन्नू-मवा रोड के एक सुनसान मोड़ पर गनपॉइंट पर लूट की दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। एक अज्ञात बाइक सवार शातिर युवक ने दंपती को पिस्तौल दिखाकर महिला के कान की सोने की बालियां झपट लीं और फरार हो गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, पीड़िता अनुराधा अपने पति रणवीर सिंह का पथरी का ऑपरेशन करवाने होशियारपुर गई थीं। सोमवार शाम करीब छह बजे के बाद दंपती होशियारपुर से बस द्वारा मवा जाने वाली सड़क पर किन्नू के पास उतरा। वहां से जब दोनों पैदल अपने घर की ओर बढ़ रहे थे, तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक आया।
पानी पिलाने के बहाने रोका, फिर निकाली पिस्तौल
पीड़ित दंपती ने बताया कि आरोपी युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष, रंग सांवला और चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी। उसने पंजाबी भाषा में दंपती से बार-बार पानी पीने का आग्रह किया। आरोपी की हरकतों पर जब पति को शक हुआ तो दोनों तेज़ी से आगे बढ़ने लगे। इस पर युवक ने महिला को धक्का देकर उसके कान से एक बाली छीन ली। दंपती ने जब इसका विरोध करना चाहा, तो शातिर ने तुरंत पिस्तौल निकाल कर उन पर तान दी और दूसरी बाली भी झपट ली।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर वापस किन्नू की तरफ रफूचक्कर हो गया। बाइक पर कीचड़ लगा होने के कारण दंपती उसका नंबर नहीं देख पाए।
पुलिस जांच में जुटी, स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति रोष
घटना की सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।दूसरी ओर, क्षेत्र में बढ़ती चोरी और लूटपाट की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस का ध्यान केवल सड़कों पर चालान काटने तक सीमित रह गया है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।, डीएसपी अंबअनिल पटियाल का कहना है पुलिस टीम मौके पर जाकर गहनता से छानबीन कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी का सुराग मिल सके। इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल था। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
सुनैना जसवाल
