-
Advertisement
मंडी में ढाबा मालिक पर बाइक सवारों ने दागी गोलियां, खाना पैक करवाने आए थे युवक
Firing in Mandi: मंडी में एक ढाबा संचालक (Dhaba Owner) पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। शहर के पुलघराट के पास अज्ञात बाइक सवारों (Bike riders)ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। यह गोली कांड आधी रात को हुआ है। खाना पैक करवाने के लिए आए पंजाब के दो बाइक सवार युवकों ने संचालक से नकदी छीन ली और एलईडी भी ले गए। बाइक सवारों ने ढाबा मालिक पर गोली चला दी। घायल ढाबे के मालिक को नेरचौक मेडिकल कॉलेज (Nerchowk Medical College) में भर्ती किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने घटना चिंता जताते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ढाबा संचालक प्रदीप गुलेरिया के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। नेता प्रतिपक्ष ने प्रदीप गुलेरिया से फोन पर बात भी की।
मंडी में ढाबा संचालक के साथ नेशनल हाइवे पर हुई डकैती की घटना और उन पर हुआ जानलेवा हमला बहुत हैरान करने वाला है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है, यहाँ गोलीबारी की घटनाएं आम हो गई हैं।
मैं ईश्वर से ढाबा संचालक के अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।…
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) March 22, 2025
गोलीकांड में घायल ढाबा संचालक प्रदीप गुलेरिया (55 ) निवासी केहनवाल ने बताया कि रात को उनके ढाबे पर पंजाब के दो युवक आए और तीन लोगों का खाना पैक करने के लिए कहा। इसके बाद अंदर खाना पैक करने के बाद जैसे ही वे काउंटर पर आए तो कैश गायब था और सीसीटीवी की एलईडी भी वहां नहीं थी। इस दौरान एक हमलावर में पिस्तौल निकाली और कहा कि आपके पास जो भी है दे दो। इतना कहने पर उसने गोली चला दी। गोली हाथ में लगने के बाद गाल को छूती हुई निकल गई। उन्हें तुरंत जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया, जहां से नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मंडी पुलिस के अनुसार गोली चलाने वाले हमलावरों की तलाश जारी है। रात से ही इनकी तलाश की जा रही है और आस पास की सारी सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।

