-
Advertisement
मन माफिक दिहाड़ी पर भड़का बीजेपी किसान मोर्चा , प्रशासन को भी दी चेतावनी
una news: ऊना। गेहूं की फसल कटाई को लेकर मजदूरों द्वारा मांगी जा रही मन माफिक दिहाड़ी किसानों (farmers)के गले नहीं उतर पा रही जिसके चलते उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसी मामले को लेकर जहां किसान और मजदूर आमने-सामने तक हो चुके हैं वहीं अब बीजेपी किसान मोर्चा (BJP Kisan Morcha) ने इस मुद्दे को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन से मुलाकात की और डीसी जतिन लाल को एक ज्ञापन पत्र भेंट करते हुए इस समस्या का स्थाई हल करने की मांग की।
900 से 1000 रुपये तक दिहाड़ी मांगी जा रही
बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत ठाकुर ने कहा कि गेहूं की फसल कटाई के लिए मजदूरों द्वारा 900 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक दिहाड़ी मांगी जा रही है। फसल कटाई के लिए इतनी मजदूरी देना किसानों के बस में नहीं है। किसानों को जहां एक तरफ आर्थिक नुकसान उठाने को मजबूर होना पड़ रहा है वहीं दूसरी तरफ मजदूरों के नहीं मिलने से फसल खेतों में बर्बाद हो रही है।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने डीसी को ज्ञापन पत्र प्रदान किया है और मांग उठाई है कि गेहूं की फसल कटाई के लिए दिहाड़ी निश्चित की जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार के आर्थिक बोझ तले दबाने से बचाया जा सके। दूसरी तरफ उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस मामले का समाधान नहीं किया तो बीजेपी किसान मोर्चा उग्र प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
