- Advertisement

मंडी में बीजेपी और पालमपुर में कांग्रेस का कब्ज़ा, धर्मशाला और सोलन में कोरम अधूरा होने से टला चुनाव
Himachal MC Election: हिमाचल की चार प्रमुख नगर निगमों धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन में आज नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण के बाद मेयरऔर डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। जहां मंडी और पालमपुर को नए मेयर मिल गए हैं, वहीं धर्मशाला और सोलन में राजनीतिक खींचतान और कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव टालना पड़ा।
मंडी में सुमन ठाकुर बनीं मेयर
मंडी नगर निगम में शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद बीजेपी ने मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी पर अपना कब्ज़ा जमा लिया।सुमन ठाकुर को मेयर और जितेंदर जॉनी को डिप्टी मेयर चुना गया है।इस अवसर पर स्थानीय विधायक अनिल शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
पालमपुर में कांग्रेस की राधा सूद के सिर सजा ताज
नगर निगम पालमपुर में कांग्रेस पार्टी ने अपना परचम लहराया। यहां सभी 15 सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दूसरी बार पार्षद चुनी गईं राधा सूद को मेयर और नीलम मलिक को सर्वसम्मति से डिप्टी मेयर चुना गया। एडीसी विनय कुमार ने सभी को शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्य रूप से आशीष बुटेल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
धर्मशाला में कांग्रेस पार्षदों की अनुपस्थिति से फंसा पेंच, अब 1 जुलाई को परीक्षा
धर्मशाला के मिनी सचिवालय सभागार में डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा, नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल और एसडीएम मोहित रतन ने पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण के तुरंत बाद चुनाव प्रक्रिया के लिए आधे घंटे का समय दिया गया था। चुनाव के लिए 13 पार्षदों का कोरम जरूरी था, लेकिन बैठक में केवल भाजपा के 11 पार्षद ही मौजूद रहे। कांग्रेस के 6 पार्षद शपथ लेने के बाद दोबारा अंदर नहीं आए। अब धर्मशाला में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 1 जुलाई को होगा, जिसमें कोरम पूरा करने के लिए केवल 9 पार्षदों की मौजूदगी अनिवार्य होगी।यहां पर वार्ड नंबर 12 की पार्षद मीना और वार्ड नंबर 15 के पार्षद प्रवीण कुमार पारंपरिक वेशभूषा में शपथ लेने पहुंचे, जो चर्चा का विषय रहे
सोलन में भी कांग्रेस पार्षदों के ‘वॉकआउट’ से टला चुनाव
सोलन नगर निगम में भी धर्मशाला जैसी ही स्थिति देखने को मिली। यहां कुल 17 पार्षदों में से 10बीजेपी , 6 कांग्रेस और 1 निर्दलीय पार्षद है।अधूरा कोरम: शपथ ग्रहण समारोह के बाद कांग्रेस के 6 पार्षद सदन के अंदर नहीं आए। कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव अधिकारी को प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी। अब मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया 2 जुलाई को दोबारा आयोजित की जाएगी।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
,

