- Advertisement

शहनाई के बीच पसरा मातम: सुबह बहन को विदा कर लौट रहे इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत
Himachal News: जिला कांगड़ा के जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक दिनेश शर्मा (पुत्र घनश्याम शर्मा) की जान चली गई। विडंबना देखिए कि युवक अपनी सगी बहन की विदाई के बाद उसके ससुराल से वापस घर लौट रहा था, लेकिन कुछ ही किलोमीटर पहले काल ने उसे ग्रास बना लिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बहन की विदाई कर लौट रहा था घर
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात को दिनेश शर्मा की बहन का विवाह पंजाब के तलवाड़ा में बेहद धूमधाम और खुशियों के माहौल में संपन्न हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे बहन की विदाई की रस्में पूरी करने के बाद दिनेश अपनी कार में सवार होकर अकेले ही घर के लिए रवाना हुआ था। लेकिन जैसे ही वह बढ़ाल के समीप पहुंचा, उसकी कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद तड़पता रहा युवक, समय पर नहीं मिली मदद
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, हादसा बेहद भीषण था। दुर्घटना के बाद दिनेश किसी तरह हिम्मत जुटाकर क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर तो निकल आया, लेकिन सुबह का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही बेहद कम थी। काफी देर तक चोटिल अवस्था में वह सड़क किनारे तड़पता रहा, पर किसी की नज़र उस पर नहीं पड़ी। बाद में जब स्थानीय लोग वहां से गुज़रे, तो उन्होंने दिनेश को गंभीर हालत में देखा और तुरंत एक निजी वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
6 महीने बाद खुद का होना था विवाह, उजड़ गईं खुशियां
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दिनेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घर में बहन की शादी की खुशियों के ठीक बाद दिनेश के विवाह की तैयारियां शुरू होनी थीं। करीब 6 महीने बाद दिनेश की भी शादी होने वाली थी। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं और बेटी की विदाई के आंसू थे, वहां अब इकलौते चिराग के बुझने की खबर से चीख-पुकार मच गई है। माता-पिता और नवविवाहिता बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना संसारपुर टैरेस के प्रभारी संजय शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया है।एसपी संदीप धवल ने कहा हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे क्या कारण रहे, इसके लिए पुलिस हर पहलू से साक्ष्य जुटा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

