-
Advertisement
Budget Session | Himachal Vidhan Sabha | Hungama |
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सेशन में आज उस वक्त हंगामा हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमकेयर योजना का मामला प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के तहत सदन में उठाना चाहा। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने इसकी इजाजत नहीं दी और प्रश्नकाल शुरू कर दिया। इसके बाद विपक्ष ने वेल में आकर सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। पूरे प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के विधायक वेल में नारेबाजी करते रहे। प्रश्नकाल संपन्न होने पर बीजेपी विधायक अपनी सीटों पर बैठ गए। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विपक्ष सुर्खियां बटोरने के लिए सदन में सनसनी फैलाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा- प्रश्नकाल के दौरान प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के तहत मुद्दा उठाना ठीक नहीं है। इससे विधायकों के अहम प्रश्न छूट जाते हैं। सीएम ने कहा- जब से सरकार ने विजिलेंस जांच की बात कही है, तब से विपक्ष तिलमिला रहा है। उन्होंने सदन में सख्त लहजे में कहा कि पूर्व सरकार के समय जहां कहीं भी घोटाले हुए होंगे, उनकी जांच करवाई जाएगी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से हिमकेयर योजना की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सीएम सदन के अंदर और बाहर हर बात पर झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा- अभी जांच हुई नहीं है और सीएम कैसे निष्कर्ष पर पहुंच गए कि हिमकेयर में घोटाला हुआ। यह सिर्फ योजना को बंद करने के लिए कहा जा रहा है। सीएम की तरफ से जो भी बातें कही जा रही हैं, वे मनगढ़ंत हैं।

