- Advertisement

चौपाल के नेरवा में खाई में गिरी कार, लोक निर्माण विभाग के कर्मी समेत 2 की मौ#त
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के तहत नेरवा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक आल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा पुजारली पंचायत के दोछी के पास किरी-नाव सड़क पर हुआ।
दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया
मिली जानकारी के अनुसार, एचपी 08ए-8441 नंबर की आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में दो लोग सवार थे और हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
लोक निर्माण विभाग में मल्टी टास्क वर्कर कार्यरत थे नरेश कुमार
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेश कुमार (पुत्र अनंत राम, निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा, जिला शिमला) और जितेंद्र (पुत्र धाजू राम, निवासी चाड़चधार धबास) के रूप में हुई है। नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) में बतौर मल्टी टास्क वर्कर कार्यरत थे। इस दुखद घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही नेरवा थाना पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन की ओर से संबंधित उच्च अधिकारियों को भी घटना की रिपोर्ट भेज दी गई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

