- Advertisement -
चाईबासा। झारखंड स्थित चाईबासा में रविवार को उस वक्त बड़ा बवाल हुआ जब वहां बीजेपी के पूर्व विधायक (Former BJP MLA) पुतकर हेम्ब्रम की दूसरी पत्नी मलया हेम्ब्रम को कुछ महिलाओं ने नकली नोट (fake currency) चलाने के आरोप में पकड़ लिया और जमकर पीटा। इस मारपीट और बहसबाजी के दौरान मलया हेम्ब्रम अपने आपे से बाहर हो गईं और महिलाओं पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में तीन महिलाएं घायल (Injured) हुई हैं, जिन्हें इलाज के लिए सादर अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, महिलाओं की पिटाई से घायल हुई पूर्व विधायक की पत्नी को भी अस्पताल ले जाया गया है।
इस पूरे मामले में स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक की पत्नी पर आरोप लगाया है कि मलया हेम्ब्रम कुछ दिनों से लगातार बाज़ार में विभिन्न दुकानों से खरीददारी कर नकली नोट खपा रही थी। जिन दुकानदारों ने महिला से रुपए लिए थे उन्होंने जब इन नोटों को बैंक और एटीएम में जमा करने की कोशिश की तो पाया कि नोट नकली थे। दुकानदार मलया को पहचान चुके थे। बतौर रिपोर्ट्स, कपड़े की दुकान से लेकर मछली बेचने वाले तक को मलया ने दो हजार के नकली नोट दिए थे। दोबारा जब मलया खरीददारी करने रात के अंधेरे में बाज़ार गईं तो दुकानदारों ने उसे घेर लिया और दो हजार के नकली नोट उसे वापस थमा कर अपने पैसे मांगे। लेकिन मलया ने रुपए बदलने से इनकार कर दिया। जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
बहस के बाद हुई झड़प में पूर्व विधायक की पत्नी ने तीन महिलाओं पर चाकू से हमला कर दिया। दुकानदारों ने मलया पर तीन महिलाओं को चाकू से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि महुलसाई के लोग ये नहीं जानते थे कि वह बीजेपी के पूर्व विधायक की पत्नी हैं। वहीं, वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उसे भीड़ से छुड़ाकर सदर अस्पताल ले गई। वहां पूछताछ की तो कहा-मैं जो बोलूंगी, थाने में ही बोलूंगी। मैंने किसी को चाकू नही मारा, बल्कि भीड़ में से किसी ने चाकू से मुझे मारने की कोशिश की।
इस बीच लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस ने देर रात कई ठिकानों पर छापामारी भी की है। जिसमें पुलिस को नकली नोट से सम्बंधित कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस बहुत जल्द इस मामले की पूरी कड़ी का खुलासा करने वाली है। वहीं, इस मामले में पूर्व विधायक को पत्नी मलय हेम्ब्रम की करतूतों की पूरी जानकारी थी। उन्होंने कहा-मैंने पहले भी उसे गलत काम करने से मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी। इसमें मैं क्या कर सकता हूं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- Advertisement -