-
Advertisement
सीएम जयराम ने ऊना में कांग्रेस पर कसे तंज, कहा- अगले 20 साल तक नहीं लगने वाला तंबू
ऊना। जिला ऊना के विधानसभा क्षेत्र गगरेट में प्रगतिशील हिमाचल के 75 वर्ष कार्यक्रम में सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) और केंद्रीय सुचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। दोनों नेताओं का बीजेपी कार्यकर्ताओं (BJP Workers) ने भारी बारिश में पूरे गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए दोनों ही नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की सरकारों की जमकर तारीफ की और कांग्रेस पर हमला बोला। जयराम ठाकुर ने कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर कांग्रेस द्वारा की जा रही टीका टिप्पणी का कड़ा जवाब दिया।

सीएम जयराम ने कहा कि जब कोई कार्यक्रम का आयोजन होता है तो तंबू (Tent) जरूर लगाए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के तंबू को लेकर कांग्रेस के नेताओं (Congress Leaders) को कुंठित होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली में अभी बीजेपी का तंबू लगा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बीजेपी कब करेगी टिकटों का ऐलान, जाने क्या बोले सीएम जयराम ठाकुर
सीएम जयराम ठाकुर ने बिना नाम लिए नेता प्रतिपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का तंबू ना तो हिमाचल में है और ना ही दिल्ली में और ना ही 20 वर्ष तक उनका तंबू यहां पर लगने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव की तर्ज पर ही इस कार्यक्रम का आयोजन करते हुए प्रदेश की स्थापना से लेकर अभी तक हुए विकास की जानकारियां जनता को उपलब्ध करा रही है, लेकिन हमारे कुछ मित्रों को इस कार्यक्रम से असहजता हो रही है और वह इस का उपहास उड़ाने में लगे हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: सीएम जयराम ने फिर बुलाई कैबिनेट बैठक, इन फैसलों पर हो सकती है चर्चा
वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने केंद्र सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिन अंग्रेजो ने भारत पर सैकड़ों वर्ष तक राज किया। आज उन्हीं अंग्रेजों की अर्थव्यवस्था को पछाड़कर भारत दुनिया में नंबर पांच पर पहुंच चुका है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोरोनावायरस जैसी महामारी के समय भी केवल मात्र भारत एक ऐसा देश था, जो तेजी से प्रगति कर रहा था।

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व में देश एकजुट है। देश हित के लिए जब भी पीएम देशवासियों से कोई आहवान करते हैं तो देश का हर नागरिक उस पर पूरा अमल करते हुए एकजुटता का परिणाम देता है। इससे पहले गगरेट के रामलीला मैदान में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवरए वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती चिंतपूर्णी के विधायक बलवीर चौधरी और स्थानीय विधायक राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


