-
Advertisement
ठियोग में एचआरटीसी का सब डिपो और वर्कशॉप खोलने की घोषणा, पराला में बनेगी वाइनरी
CM Sukhu: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिला के ठियोग में 14.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए बस अड्डे तथा 23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एपीएमसी फल एवं सब्जी विपणन परिसर शिलारू का लोकार्पण किया।
ठियोग में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए सीएमने कहा कि इस बस अड्डे में यात्रियों और एचआरटीसी के स्टाफ को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा बस पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस अड्डे के निर्माण से क्षेत्र के लोगों की चिरलम्बित मांग पूरी हुई है।
पेयजल योजना को लिए धन उपलब्ध करवाएगी सरकार
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि फल एवं सब्जी विपणन परिसर शिलारू के बनने से न केवल क्षेत्र के किसानों के उत्पादों को उचित मूल्य सुनिश्चित होंगे, बल्कि उनके धन और समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनके घर-द्वार के समीप बेहतर विपणन सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ठियोग मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने ठियोग में एचआरटीसी का सब डिपो और वर्कशॉप खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पुराने बस अड्डे के स्थान पर शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुरपन पेयजल परियोजना के लिए भी राज्य सरकार पूरा धन उपलब्ध करवाएगी।
विद्या स्टोक्स को किया याद
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा सरकार ठियोग अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में मरीजों को विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश सरकार 1350 करोड़ रुपये आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी पर खर्च करने जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार डॉक्टरों व नर्सों के साथ-साथ रोगी मित्रों की भर्ती करने जा रही हैं। सीएम सुक्खू ने कहा ठियोग से मेरा पुराना नाता है। छात्र जीवन से लेकर पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स के साथ ठियोग में काम करने का अवसर मिला हैं।

