-
Advertisement
मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले सीएम सुक्खू और प्रतिभा, कैबिनेट को शुक्ला ने शॉर्ट लिस्ट किए 19 नाम
Last Updated on December 15, 2022 by Vishal Rana
शिमला। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress National President Mallikarjun Kharge) से मुलाकात की। इस दौरान डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे। वहीं हिमाचल के सभी 40 नवनिर्वाचित विधायकों ने भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की। गुरुवार को सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और अन्य नेता राहुल गांधी प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मंत्रिमंडल पर चर्चा करेंगे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीएम और सभी कांग्रेस विधायकों को विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने और राज्य में कांग्रेस को सत्तासीन होने पर बधाई दी। उन्होंने प्रतिभा सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और सभी पार्टी नेताओं की कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने राजीव शुक्ला को चुनाव अभियान की निगरानी करने के लिए बधाई दी। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं से एकजुट होकर राज्य के लोगों के लिए काम करने और घोषणा.पत्र में किए गए सभी वायदों को अक्षरशः लागू करने के लिए कहाए ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति विकास कार्यों से लाभान्वित हो सके।
यह भी पढ़ें:सीएम ट्रांसफर के लिए नहीं बना हूं, जरूरत होने पर होगा प्रशासनिक फेरबदल
बता दें कि हिमाचल में सरकार बनने के बाद अब कैबिनेट विस्तार पर मंथन चल रहा है। हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार कांग्रेस हाईकमान के लिए भी टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। इसका कारण कई नेताओं का दिल्ली में डेरा डालना है। वहीं धनीराम शांडिल जैसे वरिष्ठ नेता अभी भी उपमुख्यमंत्री पद पर अड़े हुए हैं। वहीं कई अन्य विधायक भी मंत्री पद (Minister Post) की मांग रख रहे हैं, ऐसे में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित राजीव शुक्ला और केंद्रीय नेतृत्व के लिए कैबिनेट विस्तार एक मुश्किल कार्य साबित हो रहा है।
राजीव शुक्ला ने 19 नाम किए शॉर्ट लिस्ट
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला (Rajiv Shukla) ने हिमाचल में कैबिनेट के लिए 19 नाम शॉर्ट लिस्ट कर लिए हैं। इन नामों पर उन्होंने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी चर्चा की है। अब सुखविंदर सिंह सुक्खू के भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) से वापस आने के बाद दोनों नेता पार्टी हाईकमान से इस पर चर्चा करेंगे और नाम फाइनल करेंगे।
कल भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे सभी विधायक
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) सहित सभी विधायक कल राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को कल पूरे 100 दिन हो जाएंगे। इसी के चलते पार्टी हाईकमान ने सभी विधायकों को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के आदेश दिए हैं। गुरुवार शाम को सभी विधायक राजस्थान के अलवर के लिए रवाना होंगे। यह सभी विधायक दिल्ली से वोल्बो बस में राजस्थान (Rajasthan)जाएंगे। जबकि शुक्रवार को यह सभी वापस दिल्ली लौटेंगे। हालांकि इससे पहले गुरुवार शाम को राजीव शुक्ला ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों के लिए डिनर का प्लान रखा था, लेकिन अब इसे पोस्टपोन कर दिया है।