-
Advertisement
‘जोइया मामा’ सत्ता के नशे में चूर, अब वोट की चोट से देंगे जवाब : रणदीप सुरजेवाला
शिमला। देश व प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन जोइया मामा सत्ता के नशे में चूर हैं। प्रदेश को लूट और झूठ के अंधकार में धकेल दिया है। अब वोट की चोट का समय आ गया हैं। यह बात मंगलवार को शिमला में कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला (Congress general secretary Randeep Surjewala) ने कही। सुरजेवाला ने शिमला (Shimla) में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आज महंगाई से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। रसोई गैस की क़ीमत 400 से बढ़कर 1150 पहुंच गई है। 85 रुपए किलो मिलने वाला खाद्य तेल आज 190 रुपए किलो बिक रहा है। यही हाल दाल, आटा, चीनी, चावल का है। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक ही प्रदेश में 8.82 लाख युवाओं के पास कोई रोजगार नहीं हैं। मोदी के हर साल दो करोड़ रोजगार देने के वादे की तरह जयराम ठाकुर सरकार (Jai Ram Thakur Govt) के वादे भी “जुमले” साबित हुए। उन्होंने कहा की ‘गुरु’ और ‘चेला’ मोदी और जयराम एक से बढ़कर एक जुमलेबाज निकले।
यह भी पढ़ें:हिमाचल विधानसभा चुनाव: प्रदेश में अब तक 36,008 विशेष श्रेणी के लोगों ने डाला वोट
नौकरी देने की बजाय भाजपाई भ्रष्टाचार के चलते मिलने वाली नौकरी भी छिन गईं। हिमाचल में पुलिस भर्ती पेपर लीक घोटाला, शिक्षक-प्रोफेसर भर्ती घोटाला ने प्रदेश के युवाओं के दिलों पर गहरे घाव दिए हैं। मोदी सरकार (Modi Govt) ने “इंडिया ऑन सेल” का फट्टा लगा दिया हैं। मोदी सरकार ने 27 हजार किमी. राष्ट्रीय राजमार्ग बेच दिए हैं। बिजली कारखाने, 25 सरकारी हवाई अड्डे व बंदरगाह बेच दिए। आज 8 नवंबर, 2022 को नोटबंदी की छठी बरसी हैं। मोदी ने कहा था कि नोटबंदी के 50 दिन बाद अगर गलती मिल जाए, तो जनता सजा दे। यह सबसे मूर्खता पूर्ण फैसला था। वोट की चोट से बीजेपी को सजा देने का वक्त आ गया है। नोटबंदी से कैश का भुगतान खत्म हो जाना चाहिए था पर अर्थव्यवस्था में “कैश इन सर्कुलेशन” साल 2016 के 17.97 लाख करोड़ से बढ़कर साल 2022 में 230.88 लाख करोड़ हो गया है। फर्जी नोट खत्म हो जाने चाहिए थे पर साल 2020-21 के मुकाबले साल 2021-22 में 500 रुपए के फर्जी नोट की संख्या 102 प्रतिशत बढ़ गई और 2000 रुपए के फर्जी नोटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ गई।
राहुल गांधी से डरती है बीजेपी
वहीं राहुल गांधी पर बीजेपी द्वारा दिए जा रहे बयान पर रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से घबराई हुई है। राहुल भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, जिससे बीजेपी बोखला गई है। वहीं उन्होंने कहा कि रवि शंकर को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं हैं। उन्हें बीजेपी (BJP) भी गंभीरता से नहीं लेती हैं।
