-
Advertisement
हिमाचल कांग्रेस में सीएम पद को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कही बड़ी बात
Last Updated on November 30, 2022 by sintu kumar
शिमला। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस नेता सीएम पद की लॉबिंग में जुट गए और दिल्ली की दौड़ लगा रहे है। कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) का नाम भी सीएम पद (CM Post) की दौड़ में शामिल है। उनके समर्थक उन्हें सीएम बनाने की वकालत कर रहे है। जिस पर हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि स्व. वीरभद्र सिंह (Late Virbhadra Singh) ने 60 साल तक देश.प्रदेश की सेवा की है। उनके जैसे नेता ना तो कभी हुए थे और ना ही भविष्य में होंगे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के काम धरातल पर नजर आते हैं। यही वजह है कि हिमाचल प्रदेश की जनता भावनात्मक तौर पर वीरभद्र सिंह के साथ जुड़ी है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोग यह चाहते हैं कि वीरभद्र सिंह के जाने के बाद यह अध्याय समाप्त ना हो जाए।
यह भी पढ़ें:हिमाचल कांग्रेस ने राहुल गांधी को दिया शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता
लोग इस परिवार के साथ मिलकर आगे चलें, लेकिन बात अगर सीएम की करें तो यह फैसला आलाकमान को लेना है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रक्रिया के तहत विधायक दल अपना नेता चुनता है और इस पर आलाकमान की मोहर के बाद ही यह फाइनल होता है। प्रतिभा सिंह मीडिया के सीएम पद की दौड़ और समर्थकों की इच्छा को लेकर किए गए सवाल का जवाब दे रही थी। हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा को अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरा दिन पैदल चलकर लोगों के साथ मुलाकात करते हैं। बात चाहे छोटे बच्चों की होए नौजवान की हो या बुजुर्गों की। हर कोई राहुल गांधी की एक झलक पाना चाहता है। वहीं हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद कांग्रेस पार्टी के सभी नेता लगातार दिल्ली दौड़ दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। इस पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीजेपी (BJP) का इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को नए अध्यक्ष मिले हैं। ऐसे में सभी नेता उनसे मुलाकात करने जा रहे हैं। इसमें सीएम की दौड़ जैसा कुछ भी नहीं है। नेता विधानसभा चुनाव से फ्री होने के बाद मुलाकात के लिए शिष्टाचार भेंट के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।