- Advertisement -
शिमला। हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) सोमवार को एक बार फिर राहुल गांधी की “भारत जोड़ो यात्रा” में शामिल हुईं। प्रतिभा सिंह सोमवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे मध्यप्रदेश के इंदौर में राहुल गांधी के साथ जुड़ी। इस दौरान उन्होंने करीब 5 किलोमीटर तक राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ पैदल यात्रा की। इस दौरान उनके साथ शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) भी मौजूद रहे। इस यात्रा में शामिल होने से पहले प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर और अमित नंदा भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि सोमवार को राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद आज दोपहर को प्रतिभा सिंह ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी है। वहीं प्रतिभा सिंह की भारत जोड़ो यात्रा (Bhaarat Jodo Yatra) में शामिल होने से प्रदेश में सियासत गरमा गई है। कुछ लोग इसे हिमाचल में सीएम कुर्सी की खींचतान से जोड़कर देख रहे हैं। प्रतिभा सिंह प्रदेश की पहली नेता है, जो भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई। दो दिन में प्रतिभा सिंह ने लगभग 15 किलोमीटर पैदल यात्रा की है। ऐसा माना जा रहा है कि प्रतिभा सिंह के बाद अब हिमाचल कांग्रेस (Himachal Congress) के अन्य नेता भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकते हैं। पहले सब 8 दिसंबर को होने वाली मतगणना का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब वह पहले वहां पहुंच रहे हैं।
बता दें कि राहुल गांधी ने 7 सितंबर को दक्षिणी भारत के आखिरी छोर कहे जाने वाले कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की थी। राहुल की यात्रा 12 राज्यों से होते हुए जम्मू.कश्मीर में समाप्त होगी। राहुल गांधी 150 दिन की इस यात्रा में लगभग 3,500 किलोमीटर पैदल चलेंगे। आज यानी सोमवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का 81वां दिन है। यात्रा को मध्यप्रदेश पहुंचे आज 7वां दिन हो गया है। अभी यात्रा मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी 2 हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुके हैं और श्रीनगर तक का लगभग 1400 किलोमीटर का सफर बाकी है।
- Advertisement -