- Advertisement

पुतला छीना, जमकर हुई नारेबाजी: धर्मशाला में विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस
Dharmshala Congress Protest: शिमला में बीजेपी की रैली के दौरान धर्मशाला के बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा द्वारा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विधायक सुधीर शर्मा का पुतला फूंकने की कोशिश की हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया। काफी मशक्कत और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने पुतले को कार्यकर्ताओं के कब्जे से छीन लिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
बौखलाहट में इस तरह के बयान दे रहे सुधीर
कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि सीएम प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और जनता के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं, ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग निंदनीय है कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते इस प्रकार की बयानबाजी की जा रही है प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामलों की जांच चल रही है, जिसके कारण वह बौखलाहट में इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी जनप्रतिनिधि के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी दल का हो।
पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी
देवेंद्र जग्गी ने बताया कि धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर विधायक सुधीर शर्मा के विरुद्ध पुलिस में शिकायत (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी उन्होंने कहा कि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग न करे, इसके लिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
मनोज ठाकुर
