- Advertisement -
मंडी। हिमाचल कांग्रेस के दो मर्तबा प्रदेशाध्यक्ष रहे ठाकुर कौल सिंह (Thakur Kaul Singh) के खिलाफ मंडी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा लाए गए प्रस्ताव के बाद आज कांग्रेसी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर पर टूट पड़े। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा (Former District President Deepak Sharma) ने कहा है कि आठ बार विधायक, पांच बार मंत्री दो बार पार्टी प्रदेशाध्यक्ष रहे ठाकुर कौल सिंह को पार्टी से बाहर करने का प्रस्ताव पारित करने वाले बीजेपी (BJP) व हिविकां से आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी (Prakash Chaudhary) अनुभव में मुझ से कम हैं। उन्होंने कुलदीप राठौर को बीजेपी की बी टीम (B Team) बताते हुए कहा है कि बीते कल जो प्रस्ताव लाया गया है वह शिमला से दबाव के तहत लाया गया असंवैधानिक प्रस्ताव है।
दीपक शर्मा ने कहा कि एक जन्मदिन को पार्टी का मंच बना दिया गया। उन्होंने ये भी कहा कि कुलदीप राठौर (Kuldeep Rathore) के नेतृत्व में पार्टी का ग्राफ लगातार गिरा है। प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के दिल मे दर्द है। उन्होंने कहा जब तक कुलदीप राठौर प्रदेश अध्यक्ष पद पर काबिज रहेंगे, मंडी जिला के कार्यकर्ता अपने पद से इस्तीफा देते रहेंगे। इसी दौरान उनके साथ छह अन्य पदाधिकारियों ने इस्तीफे दे दिए। इस्तीफा देने वालों में प्रदेश कांग्रेस सचिव दीपक शर्मा, जीवन ठाकुर, किसान कांग्रेस मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश रेड्डी, प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव चंपा ठाकुर, महिला जिला कांगेस अध्यक्ष सुमन चौधरी, बल्ह ब्लॉक अध्यक्ष वीना शर्मा, सचिव बल्ह कांग्रेस सोनिया शामिल हैं।
मंडी जिला कांग्रेस कमेटी ने बीते कल पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व में मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे आश्रय शर्मा के बुलावे पर मंडी जिला कांग्रेस के कई बड़े नेता मंडी (Mandi) में इकट्ठा हुए। बैठक के बाद बाकायदा पत्रकार वार्ता बुलाई गई, जिसे मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि संगठन के खिलाफ चलने और बोलने वालों के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। यह बात उन्होंने ठहाकों के साथ कही। इससे पहले शिमला में ठाकुर कौल सिंह के घर पर कांग्रेस के कुछ नेता लंच पर इक्टठे हुए थे। उसके बाद एक पत्र मीडिया के सामने आया था, जिसमें पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की कार्यप्रणाली पर अंगुली उठाते हुए उसे पार्टी हाईकमान को भेजा गया बताया जा रहा है। इसके बाद ही ठाकुर कौल सिंह के खिलाफ मंडी जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव पारित किया था।
- Advertisement -