-
Advertisement
Kangra : दिल्ली से लौट रहा था व्यक्ति, कोरोना ने घर पहुंचने से पहले ही छीन ली सांसें
नूरपुर। कोरोना काल में लोग शहरों से गांव लौट रहे हैं इसी आस में कि सब ठीक हो जाएगा, लेकिन कुछ लोगों को ये महामारी घर भी नहीं पहुंचने दे रही। कांगड़ा जिला (Kangra) के नूरपुर उपमंडल का 52 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति दिल्ली (Delhi) से अपने पैतृक गांव आ रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ये व्यक्ति ममूह गुरचाल पंचायत के मैहरका गांव का रहने वाला था। शनिवार को स्थानीय प्रशासन की देखरेख में कोविड प्रोटोकॉल (Covid protocol) के साथ व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एसडीएम डॉ सुरेन्द्र ठाकुर, तहसीलदार सुरभि नेगी, बीडीओ डॉ रोहित शर्मा तथा नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी आशा वर्मा सहित भाजयुमो के प्रदेश सचिव भवानी पठानिया भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: कोरोना से जंग हार गई टटवाली की प्रधान,प्रशासन की देख -रेख में हुआ अंतिम संस्कार
एसडीएम ने जानकारी दी कि यह व्यक्ति बेंगलुरु (Bengaluru) में काम करता था और तबीयत ठीक नहीं होने के कारण अपने रिश्तेदारों के साथ गाड़ी से दिल्ली से अपने घर आ रहा था। तेज बुखार तथा सांस लेने में हो रही दिक्कत के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जब इस व्यक्ति की मौत की सूचना प्रशासन को मिली तो प्रशासन ने मृतक के शव को स्थानीय सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाने की व्यवस्था करवाई। उन्होंने बताया कि कोविड संक्रमण के लक्षण दिखने पर जब शव का कोविड टेस्ट करवाया गया तो वह पॉजिटिव पाया गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब तक Corona के 1,911 केस, कांगड़ा में ही 1,360 मामले
सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि स्थानीय स्वयंसेवियों की मदद से उनके पैतृक गांव में कोविड प्रोटोकॉल के साथ अंतिम संस्कार की रस्म निभाई गई। उन्होंने बताया कि उपमंडल में इन दिनों में कोविड के कारण जिन मरीजों की मौत हुई है प्रशासन अपनी देखरेख में उनके अंतिम संस्कार (Funeral) की रस्म निभा रहा है। उन्होंने बताया कि उपमंडल के तहत 100 से अधिक स्वयंसेवियों ने कोविड के मरीजों की सहायता तथा इसके कारण किसी व्यक्ति की मौत हो जाने पर उसके अंतिम संस्कार के लिए अपनी सेवाएं देने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने बताया कि संकट के इस समय में प्रशासन को स्थानीय पंचायतों तथा स्वयंसेवियों का पूरा सहयोग मिल रहा है। कोरोना संक्रमित परिवार संकट की इस घड़ी में अपने आप को अकेला न समझे, प्रदेश सरकार तथा प्रशासन उनके साथ पूरी ताकत के साथ खड़ा है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

