-
Advertisement
जनशताब्दी से ऊना पहुंचा Corona संदिग्ध युवक, Isolation वार्ड में भर्ती
ऊना। जनशताब्दी से ऊना पहुंचे युवक को स्वास्थ्य विभाग (Health department) ने सूचना मिलने के तुरंत बाद आइसोलेशन वार्ड (Isolation Ward) में भर्ती कर दिया है। यह युवक संक्रमित मरीज के संपर्क में आया था और युवक में कोरोना के लक्षण (Symptoms of corona) भी थे। उसे तेज बुखार के साथ गले में खराश की भी दिक्कत पेश आ रही थी। युवक का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया है। जिसकी रिपोर्ट सोमवार शाम तक आएगी। युवक अंब उपमंडल के चक्क गांव का निवासी बताया जा रहा है। सीएमओ ऊना डॉ. रमन शर्मा ने बताया कि विभाग को ट्रेन में संदिग्ध युवक के आने की सूचना मिल गई थी जिसके बाद विभाग तुरंत हरकत में आया और युवक को आइसोलेट कर लिया गया है। ऊना में कोरोना के कुल 64 मामले हैं, जबकि एक्टिव केस की संख्या 27 है।
यह भी पढ़ें : Big Breaking: IGMC में 19 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव चालक ने तोड़ा दम,दिल्ली से आया था सामान लेकर
कोरोना संक्रमित के सम्पर्क में आया था युवक
बताया जा रहा है कि यह युवक जैसे ही शनिवार शाम को ऊना रेलवे स्टेशन (Una Railway Station) पर पहुंचा। उसे एंबुलेंस के जरिए आइसोलेशन में भेजा गया। जहां उसे आइसोलेट कर दिया गया है। युवक कोरोना संक्रमित के सम्पर्क में आया था जिसके चलते उसे कोरोना संदिग्ध माना जा रहा है। युवक को रीजनल अस्पताल ऊना के आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। रविवार को अन्य सैंपल के साथ उक्त युवक की सैंपलिंग भी की गई है।
शनिवार रात ऊना के 190 सैंपल रिपोर्ट में तीन कोरोना संक्रमित
वहीं, शनिवार रात टांडा मेडिकल कालेज से आई ऊना के 190 सैंपल की रिपोर्ट में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है जबकि पहले से एक संक्रमित की फॉलोअप रिपोर्ट नेगेटिव आई है। तीन संक्रमित मामलों में गगरेट के बड़ोह की निवासी एक महिला, अंब के भैरा का निवासी एक युवक एवं ऊना उपमंडल के बसदेहड़ा निवासी एक व्यक्ति शामिल है। नए संक्रमितों में से मैहतपुर बसदेहड़ा और भैरा निवासी पुरुषों को कोविड केयर सेंटर खड्ड भेज दिया गया है। जबकि महिला को उसका बच्चा छोटा होने के कारण घर में आइसोलेट किया गया है। संक्रमित आई 32 वर्षीय महिला का पति पहले से संक्रमित है। जोकि दिल्ली में सैंपलिंग के बाद रिपोर्ट आने से पहले ही ऊना पहुंच गया था। जहां ऊना प्रशासन ने उसे क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया था।
क्वारंटाइन सेंटर रखे जाने के दौरान ही दिल्ली से उसके संक्रमित पाए जाने की पुष्टि भी हुई थी। वहीं, पॉजिटिव पाया गया बसदेहड़ा का निवासी व्यक्ति सीआरपीएफ में कार्यरत है और अंब उपमंडल के भैरा का निवासी संक्रमित युवक गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर डेवलपर का काम करता है। इसे भी कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। सीएमओ ऊना ने बताया कि जिला में कोरोना के कुल 64 मामले सामने आये है जिसमें से 37 रिकवर हो चुके है जबकि 27 एक्टिव केस है और दो माइग्रेटेड इन संक्रमित भी है। इनमें से 26 का कोरोना केयर सेंटर खड्ड में उपचार चल रहा है जबकि तीन को घरों में ही आइसोलेट किया गया है।


