-
Advertisement
हिमाचल में कल तीन बजे तक ही मिलेगी शराब, उसके बाद पुलिस करेगी अपना काम
MC Election In Himachal : हिमाचल के चार नगर निगम सहित 51 शहरी निकायों में वोटिंग का काउंटडाउन शुरू हो गया है। कल यानी 15 मई दोपहर 3 बजे के बाद चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद कोई भी प्रत्याशी जलूस, ढोल-नगाड़ों और दल-बल के साथ चुनाव प्रचार नहीं कर सकेगा। उम्मीदवारों को डोर-टू-डोर जाकर वन-टू-वन कैंपेन ही करना होगा। यही नहीं कल दोपहर 3 बजे से ही ड्राई-डे शुरू हो जाएगा। यानी शराब परोसने वाले ठेके, बीयर बार और होटल बंद रखने होंगे, जो वोटिंग खत्म होने तक बंद रहेंगे। स्टेट इलेक्शन कमीशन ने ड्राई-डे के दौरान शराब परोसने वालों के खिलाफ एक्साइज डिपार्टमेंट को सख्त कार्रवाई के लिए कहा है।
सुबह सात बजे शुरू होगा मतदान
प्रदेशभर के सभी नगर निकायों में 17 मई को सुबह सात बजे मतदान शुरू होगा, जो दोपहर तीन बजे तक चलेगा। सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम को छोड़कर अन्य सभी स्थानों पर नगर परिषद और नगर पंचायतों में मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि चार नगर निगमों में परिणाम के लिए 31 मई तक का इंतजार करना होगा।
ईवीएम से होंगे चुनाव
उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 17 मई को 3.80 लाख मतदाता करेंगे। चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से कराए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार 51 शहरी निकायों में 439 पदों के लिए कुल 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 218 प्रत्याशी हैं। बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, कुल्लू में 100, मंडी में 180, शिमला में 123, सिरमौर में 84, सोलन में 121 और ऊना में 118 उम्मीदवार चुनाव लड रहे हैं।
-पंकज शर्मा

