- Advertisement -
रामपुर। हिमाचल की राजधानी शिमला (Shimla) में एक ऐसा गांव हैं जहां 75 साल बाद कोई बड़ा प्रशासनिक अधिकरी पहुंचा हो। यह गांव शिमला के रामपुर में स्थित है। रामपुर के 15/20 क्षेत्र के नंती गांव में रविवार को डीसी आदित्य नेगी (DC Shimla Aditya Negi) पहुंचे। जिन्हें देख ग्रामीणों के मुंह से एक ही आवाज निकली कि 75 साल में पहली बार कोई बड़ा अधिकारी हमारे गांव में आया है। इस दौरान ग्रामीणों ने पहाड़ी परंपरा के साथ डीसी शिमला, एसडीएम रामपुर (SDM Rampur) सुरेंद्र मोहन व हिमकोफेड अध्यक्ष कौल सिंह का जोरदार स्वागत किया। बता दें कि रामपुर विधानसभा का 15/20 क्षेत्र सबसे दुर्गम क्षेत्र है। इस क्षेत्र की फांचा पंचायत के नंती गांव में रविवार को प्रशासनिक अधिकारी करीब डेढ़ घंटे की पैदल यात्रा कर पहुंचे। डीसी शिमला इस गांव में लोगों की समस्याओं को जानने और उनका हल करने के लिए पहुंचे थे। डीसी शिमला के सामने ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं (Problems) रखीं। इसके साथ ही यहां बनी पन विद्युत परियोजनाओं से संबंधित समस्याओं से भी ग्रामीणों ने डीसी को अवगत करवाया। इस दौरान ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी (PWD) द्वारा सड़क को बेहतर कराने की मांग की। जिस पर जिला डीसी ने गंभीरता से कार्य करने का आश्वासन दिया।
वहीं लोगों की समस्याएं सुनने के बाद डीसी शिमला आदित्य नेगी ने फांचा से टिक्कर व बाहुपुल से नंती तक स्पेन के लिए 9 लाख तक की राशि देने का ऐलान किया। महिला मंडल नंती को भी उन्होंने राशि स्वीकृत की। इसके अलावा नंती युवक मंडल को खेल मैदान बनाने के लिए भी राशि जारी करने का आश्वासन दिया। बता दे कि 75 साल बाद ही सही पर ऐसा पहली बार हुआ जब जिला प्रशासन खुद ग्रामीणों के घरद्वार पर पहुंचा और उनकी समस्याओं को मौके पर सुलझाया। जानकारी देते हुए डीसी शिमला आदित्य नेगी ने कहा कि फांचा से नंती गांव के लिए 8 किमी सड़क निर्माण के लिए सर्वे हुआ है। जिसे जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए पीडब्ल्यूडी, वन विभाग से बात की जाएगी। जो भी कमियां होंगी, उन्हें दूर किया जाएगा।
- Advertisement -